Chhattisgarhi Culture : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नॉर्वे दौरे के दौरान भारतीय समुदाय में खासा उत्साह देखने को मिला. इस अवसर पर नाचा नॉर्डिक अध्याय ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति की झलक प्रस्तुत करते हुए प्रधानमंत्री का पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया.
इस कार्यक्रम में बच्चों ने पारंपरिक छत्तीसगढ़ी वेशभूषा धारण कर “जय जोहार” कहकर प्रधानमंत्री मोदी का अभिनंदन किया. यह प्रस्तुति वहां मौजूद भारतीय समुदाय के लिए आकर्षण का केंद्र रही और सभी ने छत्तीसगढ़ी संस्कृति के इस अनूठे प्रदर्शन की सराहना की.
छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक
सांस्कृतिक प्रस्तुति में 10 वर्षीय अभिनव कुमार पांडेय, मूल निवासी बिलासपुर, तथा 14 वर्षीय चारु पांडेय, मूल निवासी भिलाई, शामिल रहे. अभिनव ने पारंपरिक धोती-कुर्ता, पीला गमछा और सांस्कृतिक साफा पहनकर छत्तीसगढ़ की लोक परंपरा को दर्शाया. वहीं चारु ने पारंपरिक छत्तीसगढ़ी शैली की साड़ी, जनजातीय आभूषण और पारंपरिक श्रृंगार के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक गरिमा को प्रस्तुत किया.
“जय जोहार” से वैश्विक मंच पर छत्तीसगढ़ी पहचान
वहीं, नाचा नॉर्डिक अध्याय के सदस्यों ने बताया कि संस्था विदेशों में छत्तीसगढ़ी संस्कृति, भाषा और परंपराओं के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार के लिए लगातार कार्य कर रही है. नॉर्वे में प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के दौरान “जय जोहार” के साथ दी गई यह प्रस्तुति छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच तक पहुंचाने का एक विशेष प्रयास रही.
इस कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि विदेश में रहकर भी नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और संस्कृति से जोड़कर रखना बेहद महत्वपूर्ण है. बच्चों की इस प्रस्तुति ने न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे भारतीय समुदाय को गौरवान्वित किया.
ये भी पढ़ें- Sasaram Train Fire : सासाराम स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन में लगी आग, एक बोगी जलकर खाक, मची अफरा-तफरी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









