Rajasthan News : सिरोही जिले के मंडार थाना क्षेत्र के वरमान गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 120 फीट गहरे कुएं से एक महिला और उसके बेटे के शव बरामद किए गए। करीब 16 घंटे चले लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सोमवार सुबह लगभग 10:45 बजे एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन टीम ने दोनों शव बाहर निकाले।
अधिकारियों की मौजूदगी में चला अभियान
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआत में स्थानीय लोगों ने भी बचाव का प्रयास किया, लेकिन कुएं की गहराई और अंदर दम घुटने जैसी स्थिति के कारण वे सफल नहीं हो सके। बाद में एसडीएम और सिविल डिफेंस टीम की मौजूदगी में रेस्क्यू शुरू किया गया, हालांकि रात के समय अंधेरा और तकनीकी दिक्कतों के कारण अभियान रोकना पड़ा। अगले दिन सुबह एसडीआरएफ की टीम ने दोबारा अभियान शुरू कर दोनों शव बाहर निकाले।
ससुराल पक्ष पर लगा आरोप
मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार महिला अलका (28) को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था और घटना से पहले भी उसने फोन पर खतरे की बात कही थी। परिजनों का आरोप है कि ससुराल वालों की मौजूदगी में यह पूरी घटना हुई।
मामले की गहन जांच में जुटी पुलिस
महिला के साथ उसके चार वर्षीय बेटे का शव भी कुएं से बरामद हुआ है, जबकि छोटा बेटा सुरक्षित बताया जा रहा है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें- पानीपत में वकील के साथ मारधाड़, जीप सवारों ने धमकाया फिर 8-10 लड़कों ने किया हमला
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









