दिल्ली : भारत के 25 करोड़ स्कूली छात्रों तक उनकी मातृभाषा में गुणवत्तापूर्ण गणित शिक्षा पहुंचाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए एआईसीटीई, शिक्षा मंत्रालय के तहत स्थापित सेक्शन 8 कंपनी (https://anuvadini.aicte-india.org/) ने खेल-आधारित गणित शिक्षण मंच (https://mathzoro.com/) के साथ रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है। इस सहयोग का उद्देश्य कक्षा 6 से 10 तक के छात्रों के लिए गणित सीखने को आसान, रोचक और बहुभाषी बनाना है।
अवसर पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
इस साझेदारी की घोषणा नई दिल्ली स्थित एआईसीटीई मुख्यालय में अनुवादिनी एआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. बुद्धा चंद्रशेखर ने की। उन्होंने कहा कि भाषा कभी भी शिक्षा तक पहुंच में बाधा नहीं बननी चाहिए और यह पहल देश के हर बच्चे तक समान अवसर पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
700 से अधिक NCERT किताबें और…
अनुवादिनी एआई, ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत विकसित एक बहुभाषी एआई प्लेटफॉर्म है, जो 22 भारतीय और 89 विदेशी भाषाओं में अनुवाद सुविधा प्रदान करता है। यह प्लेटफॉर्म पहले ही 700 से अधिक एनसीईआरटी पुस्तकों और 721 निमी पुस्तकों का अनुवाद कर चुका है। इसकी ‘बुज्जी’ ट्रांसलेशन तकनीक अब तक 150 करोड़ से अधिक पृष्ठों का प्रोसेसिंग कर चुकी है।
छात्रों में अवधारणात्मक समझ विकसित करना
दूसरी ओर, मैथजोरो एक गेम-आधारित गणित लर्निंग प्लेटफॉर्म है, जिसे खासतौर पर कक्षा 6 से 10 के छात्रों के लिए तैयार किया गया है। इसमें बीजगणित, ज्यामिति, त्रिकोणमिति और प्रायिकता जैसे विषयों को गेम, क्विज़ और विजुअल इंटरैक्शन के जरिए सिखाया जाता है। इसका उद्देश्य गणित के डर को खत्म कर छात्रों में अवधारणात्मक समझ विकसित करना है।
अलग-अलग भाषा संस्करण डाउनलोड करने की जरूरत नहीं
इस साझेदारी की सबसे बड़ी खासियत मैथजोरो एप में रीयल-टाइम बहुभाषी सुविधा का जुड़ना है। अब छात्र अपनी पसंदीदा भाषा में ऐप की हर स्क्रीन, क्विज़, निर्देश और गेम स्टोरी को तुरंत देख सकेंगे। इसके लिए अलग-अलग भाषा संस्करण डाउनलोड करने की जरूरत नहीं होगी। तमिलनाडु, असम, राजस्थान या देश के किसी भी राज्य का छात्र अपनी मातृभाषा में समान अनुभव प्राप्त कर सकेगा।
अंग्रेज़ी आधारित इंटरफेस में अचानक बदलाव
साझेदारी का दूसरा महत्वपूर्ण पहलू प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़ा है। अनुवादिनी परीक्षा प्लेटफॉर्म के जरिए छात्र जेईई, नीट, सीबीएसई, आईसीएसई और राज्य बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी भी अपनी भाषा में कर सकेंगे। इससे छात्रों को अंग्रेज़ी आधारित इंटरफेस में अचानक बदलाव की समस्या से राहत मिलेगी।
अध्याय आधारित बहुभाषी प्रश्नपत्र
इसके अलावा अनुवादिनी एआई का प्रश्न पत्र क्रिएटर अब मैथजोरो में भी शामिल किया जाएगा। इसकी मदद से शिक्षक कुछ सेकंड में अध्याय आधारित बहुभाषी प्रश्नपत्र तैयार कर सकेंगे। यह सुविधा सभी कठिनाई स्तरों और विभिन्न बोर्ड पाठ्यक्रमों के अनुरूप होगी।
तकनीक आधारित शिक्षण पर विशेष जोर
यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के उद्देश्यों के अनुरूप मानी जा रही है, जिसमें मातृभाषा में शिक्षा, अवधारणात्मक समझ और तकनीक आधारित शिक्षण पर विशेष जोर दिया गया है। कम इंटरनेट स्पीड पर काम करने की क्षमता के कारण यह प्लेटफॉर्म ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के छात्रों के लिए भी उपयोगी साबित हो सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अनुवादिनी एआई और मैथजोरो की यह साझेदारी भारत में बहुभाषी डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में एक नई क्रांति साबित हो सकती है।
ये भी पढ़ें- जैसलमेर में बड़ा हादसा, बाइक पर रखे एसी गैस सिलेंडर में जोरदार ब्लास्ट, हालत गंभीर
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








