Delhi NCRमौसम

दिल्ली NCR में गर्मी से मिलेगी राहत, अगले 48 घंटे बारिश का अलर्ट

Weather Update : दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में इन दिनों भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा है, लेकिन जल्द ही मौसम में बड़ा बदलाव आने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 48 घंटों में दिल्ली-एनसीआर के लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

28 अप्रैल को राजधानी में बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि 29 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मंगलवार को अधिकतम तापमान करीब 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मजबूत चक्रवाती सिस्टम सक्रिय

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के ऊपर एक मजबूत चक्रवाती सिस्टम सक्रिय है, जो धीरे-धीरे उत्तर-पूर्व दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसका प्रभाव दिल्ली और आसपास के इलाकों में 30 अप्रैल तक देखने को मिल सकता है।

सफदरजंग में अधिकतम तापमान

दिल्ली में बीते दिन भी तेज गर्मी दर्ज की गई, जहां सफदरजंग में अधिकतम तापमान 42.3°C रहा, जो सामान्य से अधिक है। पालम, लोधी रोड, रिज और आयानगर जैसे इलाकों में भी तापमान 42°C से 43°C के बीच दर्ज किया गया।

उत्तराखंड में बारिश, बर्फबारी के आसार

उत्तर भारत के अन्य राज्यों जैसे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 28 अप्रैल को बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला

पूर्वी और मध्य भारत के राज्यों मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और ओडिशा में भी गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 28 अप्रैल से 1 मई के बीच उत्तर-पश्चिम भारत के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।

भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

दक्षिण भारत के राज्यों कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। वहीं पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।

ये भी पढ़ें- यूपी पुलिस में 1 लाख नई भर्तियों का ऐलान, लखनऊ में 936 रेडियो ऑपरेटरों को मिले नियुक्ति पत्र

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button