Delhi Airport : दिल्ली से ज्यूरिख के लिए रवाना होने वाली स्विस इंटरनेशनल एयर लाइन्स की फ्लाइट में बड़ा हादसा टल गया. टेकऑफ से ठीक पहले विमान से धुआं उठता देख पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए उड़ान तुरंत रद्द कर दी और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
जानकारी के अनुसार, फ्लाइट LX147 रविवार तड़के करीब एक बजे दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ान भरने की तैयारी में थी. इसी दौरान अचानक तकनीकी समस्या सामने आई. बताया जा रहा है कि इंजन में गड़बड़ी के कारण लैंडिंग गियर के एक हिस्से से धुआं निकलने लगा. स्थिति की गंभीरता को समझते हुए पायलट ने बिना देरी किए टेकऑफ रोक दिया.
इमरजेंसी में सुरक्षित निकाले गए सभी यात्री
इसके बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत यात्रियों और क्रू मेंबर्स को इमरजेंसी स्लाइड के जरिए विमान से बाहर निकाला गया. कुछ यात्रियों को सीढ़ियों के माध्यम से भी उतारा गया. इस दौरान 6 यात्रियों को हल्की चोट या असहजता महसूस होने पर जांच के लिए अस्पताल भेजा गया, हालांकि सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है.
एयरलाइन की ओर से बताया गया है कि विमान की जांच के लिए तकनीकी टीम दिल्ली पहुंचेगी. वहीं यात्रियों को जल्द से जल्द उनकी मंजिल तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए जा रहे हैं.
ये भी पढ़ें- अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’ का शानदार कलेक्शन, दूसरे दिन भी जारी रफ्तार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









