Punjab

हरभजन सिंह ई.टी.ओ. की समीक्षा बैठक, सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश

Punjab News : पंजाब सरकार के लोक निर्माण विभाग द्वारा राज्य में निर्मित की जा रही सड़कों की प्रगति के संबंध में कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. की अध्यक्षता में आज पंजाब भवन में विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा सड़क निर्माण के लिए निर्धारित लक्ष्यों को हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि बरसात के मौसम से पहले सड़क निर्माण से संबंधित सभी कार्य पूर्ण कर लिए जाएं।

सड़कों को तकनीक के माध्यम से पुनर्निर्मित

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़कों के निर्माण में नई तकनीक फुल डेप्थ रिक्लेमेशन का उपयोग करते हुए ग्रामीण सड़कों का पुनर्निर्माण किया जा रहा है। पहले चरण में 410 किलोमीटर सड़कों को इस तकनीक के माध्यम से पुनर्निर्मित किया जाएगा। इस तकनीक के जरिए सड़क में पहले से मौजूद रोड मेटल का पुनः उपयोग किया जाता है, जिससे अतिरिक्त खनन की आवश्यकता नहीं पड़ती। इससे पर्यावरण प्रदूषण में कमी आएगी और सड़कों का स्तर अनावश्यक रूप से ऊंचा होने से भी बचाया जा सकेगा।

200 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण

कैबिनेट मंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि हाल ही में हुई बेमौसमी बारिश के कारण कार्य में आई देरी को दूर करने के लिए तेजी से काम किया जाए और प्रगति को बढ़ाया जाए। बैठक के दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि राज्य में हॉट मिक्स प्लांट अपनी पूर्ण क्षमता के साथ कार्य कर रहे हैं, जिसके चलते प्रतिदिन 200 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण किया जा रहा है।

विभागीय अधिकारियों को दिए निर्देश

उन्होंने बताया कि राज्य में 30 जून 2026 तक लगभग 45,000 किलोमीटर सड़कों का निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि खाड़ी देशों में चल रही स्थिति के कारण बिटुमेन की कुछ कमी उत्पन्न हो रही है, लेकिन विभाग ने इस समस्या से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां कर ली हैं। हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे वित्तीय और कार्यान्वयन संबंधी लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें, ताकि लोगों को बेहतर सड़क नेटवर्क उपलब्ध कराया जा सके।

वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित

इस अवसर पर विभाग के प्रशासनिक सचिव रवि भगत, संयुक्त सचिव अमरबीर सिद्धू, इंजीनियर-इन-चीफ गगनदीप सिंह, मुख्य अभियंता अनिल गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें- पेंशनर सेवा पोर्टल पर वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की बड़ी समीक्षा बैठक, सिस्टम सुधार के दिए निर्देश

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button