Delhi News : दिल्ली में पानी का भारी संकट आने वाला है, इससे लाखों लोगों की दिनचर्या प्रभावित होगी. दरअसल, चंद्रावल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में तकनीकी खराबी आने से इलाके में पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई. लोगों को वैकल्पिक इंतजाम करने पड़ रहे हैं.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंद्रावल प्लांट के पास 600 एमएम की पाइपलाइन फटने से पंप हाउस में पानी भर गया, इससे इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल उपकरण बंद हो गए. पानी की सप्लाई पूरी तरह से बंद होने से इलाके में हालात बिगड़ गए. अधिकारियों ने बताया कि पानी भरने से पंपहाउस में बड़ी तकनीकी खराबी आ गई है, इसे ठीक करने में समय लग रहा है.
पानी की सप्लाई 3 दिन तक बाधित
पंप के मरम्मत का काम तेजी से चल रहा है, तीन दिनों तक सप्लाई बाधित रह सकती है. अधिकारियों के मुताबिक, पंप हाउस से पानी निकालने, पाइप की मरम्मत कराने और खराब उपकरणों को ठीक करने का काम चल रहा है. इसमें हाई टेंशन-लो टेंशन पैनल के साथ मोटरों की मरम्मत भी शामिल है. इसमें करीब तीन दिन का काम समय लग सकता है.
ये क्षेत्र हैं प्रभावित
बता दें कि चंद्रावल प्लांट से दिल्ली के 9 विधानसभा क्षेत्र के करीब 96 वर्ग किलोमीटर इलाके में पानी की सप्लाई की जाती है. पंप हाउस खराब होने से हजारों घरों में पानी की समस्या शुरू हो गई. इससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है. उनको वैकल्पिक रास्ते तलाशने पड़ रहे हैं. चंद्रावल प्लांट के बंद होने से दिल्ली की कई घनी आबादी प्रभावित हुई है. प्रभावित इलाकों मे सराय रोहिल्ला, गुलाबी बाग, नारायणा विहार, नेहरू नगर, बलजीत नगर, प्रेम नगर, पंजाबी बस्ती, सदर बाजार, करोल बाग, पहाड़गंज, पटेल नगर, झंडेवाला, बापा नगर, देव नगर, कश्मीरी गेट, आरके पुरम और तुर्कमान गेट आदि क्षेत्र शामिल हैं.
ये भी पढ़ें- Prayagraj Cold Storage : प्रयागराज में दर्दनाक हादसा, कोल्ड स्टोरेज ढहने से 4 मजदूरों की मौत, 20 घायल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









