
Bihar News : बिहार के नवादा जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसमें पूर्व श्रम राज्यमंत्री राजवल्लभ प्रसाद यादव और जनता दल यूनाईटेड की विधायक विभा देवी के छोटे पुत्र अखिलेश कुमार की जान चली गई। यह दुर्घटना गुरुवार देर शाम हुई, जब उनकी कार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई।
कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई
जानकारी के अनुसार, अखिलेश कुमार अपने घर से थार गाड़ी लेकर निकले थे। कुछ ही दूरी पर वाहन अचानक नियंत्रण से बाहर हो गया और सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। राजधानी पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पैतृक गांव के लिए रवाना हुआ पार्थिव शरीर
घटना के बाद परिजन उनका पार्थिव शरीर लेकर पटना से नवादा स्थित पैतृक गांव पथरा इंग्लिश के लिए रवाना हो गए। परिवार में अचानक हुई इस क्षति से गहरा शोक व्याप्त है।
परिवार और बच्चों पर टूटा दुख का पहाड़
अखिलेश कुमार अपने पीछे तीन बच्चों को छोड़ गए हैं, जो पटना में पढ़ाई कर रहे हैं। परिजनों के अनुसार, वह पेशे से पेट्रोल पंप संचालक थे और राजनीति से दूर रहते हुए भी सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रमों में सक्रिय रहते थे। उनकी असमय मृत्यु से परिवार गहरे सदमे में है, वहीं विधायक विभा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
बड़े भाई ने दी जानकारी
अखिलेश के बड़े भाई एकलव्य यादव ने बताया कि हादसा घर से कुछ दूरी पर हुआ, जहां गाड़ी सीधे पेड़ से टकरा गई। उन्होंने बताया कि गंभीर हालत में पहले स्थानीय अस्पताल और फिर पटना ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
ये भी पढ़ें – पति-पत्नी और बेटे ना खाया जहर, मौके से मिला सुसाइड नोट, जांच जारी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









