Delhi NCRराष्ट्रीय

Delhi Fire Incident : दिल्ली के पालम में 4 मंजिला इमारत में लगी आग, 9 लोगों की मौत

Delhi Fire Incident : दिल्ली के पालम में भीषण आग लगने से तीन बच्चों समेत 9 लोगों की मौत हो गई है। आग पालम के साध नगर में लगी। दिल्ली फायर सर्विस और दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। दमकलकर्मियों का इमारत में तलाशी अभियान जारी है।

बहुमंजिला रिहायशी इमारत में आग

दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने मामले पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद और पीड़ादायक घटना है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया X पर कहा कि बहुमंजिला रिहायशी इमारत में आग लगने की घटना से वह बेहद व्यथित हैं। मुख्यमंत्री ने पूरे मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच में आग लगने के कारणों और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जाएगी।

एक से दो साल के दो छोटे बच्चों को नीचे फेंका

यह दुखद घटना पालम थाना क्षेत्र के साध नगर स्थित राम चौक बाजार में घटी। राजेंद्र कश्यप की चार मंजिला इमारत ‘प्रवेश बिल्डिंग’ में भूतल पर कॉस्मेटिक शोरूम संचालित है, जबकि ऊपर की मंजिलों पर परिवार रहता है। इस दौरान, लगभग एक से दो साल के दो छोटे बच्चों को बचाने के लिए उन्हें पहली मंजिल से नीचे फेंका गया, जहां नीचे खड़े लोगों ने उन्हें सुरक्षित पकड़ा। इसके बाद दोनों बच्चों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

इलाके में मची अफरा-तफरी

सुबह करीब 6:40 बजे अचानक इमारत में आग लग गई, उस समय अधिकांश लोग सो रहे थे। देखते ही देखते धुआं पूरे मकान में फैल गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई लोग किसी तरह बाहर निकल पाए, लेकिन परिवार के 9 सदस्य अंदर ही फंसे रह गए।

नीचे खड़े लोगों ने बच्चों को संभाला

हालात बिगड़ते देख, राजेंद्र के बेटे प्रवेश ने बहादुरी दिखाते हुए लगभग एक साल की बच्ची और एक छोटे बच्चे को पहली मंजिल से नीचे फेंक दिया, ताकि उनकी जान बचाई जा सके। नीचे खड़े लोगों ने तुरंत बच्चों को पकड़ा और पास के अस्पताल पहुंचाया।

छोटी बच्ची को आया फैक्चर

सूचना के अनुसार, इस दौरान छोटी बच्ची को फ्रैक्चर हुआ है और बच्चा झुलस गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक और बच्चा हाथ से फिसल गया था, लेकिन उसे भी बचा लिया गया; उसे सिर पर चोट आई है।

ये भी पढ़ें- Indore Fire Tragedy : इंदौर में EV चार्जिंग से बड़ा हादसा, 8 लोगों की मौत, 4 घायल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button