Gas Cylinder Crisis : दिल्ली में एलपीजी गैस सिलेंडर मिलने में हो रही परेशानी पर दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार को घेरा है। अरविंद केजरीवाल ने देश में एलपीजी गैस को लेकर पैदा हो रही स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि इस समय देश गंभीर ऊर्जा संकट का सामना कर रहा है और इसका सीधा असर आम लोगों से लेकर व्यापारिक गतिविधियों पर पड़ रहा है।
होटल और रेस्टोरेंट उद्योग पर असर
केजरीवाल ने कहा कि गैस आपूर्ति में अनिश्चितता का असर होटल और रेस्टोरेंट उद्योग पर पड़ा है। यहां रोजाना सिलेंडर की जरूरत होती है और वे लंबे समय तक स्टॉक नहीं रख सकते। कई जगहों पर होटल और रेस्टोरेंट कारोबारियों के सामने काफी परेशानियां आ रही हैं।
छोटे व्यापारियों और उद्योगों पर बढ़ रहा दबाव
केजरीवाल ने दावा किया कि देश के अलग-अलग हिस्सों में गैस की कमी और बढ़ती कीमतों के कारण छोटे व्यापारियों और उद्योगों पर दबाव बढ़ रहा है। उनका कहना है कि इससे रोजगार पर भी असर पड़ सकता है और कई लोगों के प्रभावित होने की संभावना है।
खपत का बड़ा हिस्सा आयात पर निर्भर
केजरीवाल के अनुसार देश में एलपीजी की खपत का बड़ा हिस्सा आयात पर निर्भर है। भारत अपनी कुल जरूरत का करीब 60 प्रतिशत एलपीजी विदेशों से मंगाता है, जिसमें से बड़ी मात्रा पश्चिम एशिया के समुद्री मार्गों के जरिए आती है। मौजूदा ईरान-इजरायल-अमेरिका तनाव के कारण सप्लाई चेन प्रभावित होने की आशंका है, जिससे बाजार में अस्थिरता आ सकती है।
ये भी पढ़ें- Cylinder Crisis : गैस सिलेंडर नहीं मिलने से परिवार 4 दिन से भूखा, बच्चों को खिलाना पड़ा चाऊमीन-मोमो
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









