Biharराज्य

आधी रात को क्यों गिरफ्तार हुए पप्पू यादव, पटना में जमकर हुआ हंगामा, जानिए क्या है मामला?

Pappu Yadav Arrest : बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव को शुक्रवार देर रात पटना में गिरफ्तार कर लिया गया. यह कार्रवाई 31 साल पुराने एक मामले में जमानत खत्म होने के बाद की गई. पप्पू यादव शुक्रवार रात पटना पहुंचे थे. घर पहुंचने के कुछ देर बाद ही पुलिस वहां पहुंची और उन्हें हिरासत में ले लिया. इस दौरान मौके पर काफी हंगामा भी हुआ. पप्पू यादव ने कहा कि वह पुलिस के साथ नहीं जाएंगे और शनिवार को खुद कोर्ट में पेश होंगे, उन्होंने हाउस अरेस्ट करने की मांग भी की, लेकिन पुलिस ने इसे नहीं माना और उन्हें गिरफ्तार कर लिया.

वहीं, पप्पू यादव के समर्थक पुलिस की गाड़ियों पर चढ़ गए और जमकर नारेबाजी करने लगे. पुलिस के अनुसार, देर रात पप्पू यादव को गिरफ्तार किया गया और इसके बाद मेडिकल जांच के लिए उन्हें आईजीआईएमएस अस्पताल ले जाया गया.

शुक्रवार देर रात गिरफ्तार किया

पटना पुलिस ने 31 साल पुराने मामले में निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को शुक्रवार देर रात गिरफ्तार किया. यह मामला 1995 का है, जब गर्दनीबाग थाने में विनोद बिहारी लाल ने शिकायत दर्ज कराई थी.

शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनके मकान को रहने के उद्देश्य से किराए पर लिया गया था, लेकिन बाद में वहां सांसद का कार्यालय खोल दिया गया. मकान मालिक का कहना है कि उनसे यह बात छिपाई गई थी और उन्हें बाद में पता चला कि उनके मकान का इस्तेमाल ऑफिस के रूप में किया जा रहा है.

मैं कल कोर्ट में पेश होने वाला हूं

गिरफ्तारी से पहले पप्पू यादव ने कहा, “मैं संसद सत्र में शामिल होकर लौटा हूं. मुझे अदालत के समन की जानकारी है और मैं कल कोर्ट में पेश होने वाला हूं. लेकिन कुछ पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में आए हैं और मेरे साथ बदसलूकी कर रहे हैं.”

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की आलोचना करने की वजह से उन्हें निशाना बनाया जा रहा है. खास तौर पर हाल ही में एक नीट अभ्यर्थी की मौत के मामले को लेकर, जिसकी जांच सीबीआई को सौंपी गई है, उस पर आवाज उठाने के कारण उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.

पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद पप्पू यादव को मेडिकल जांच के लिए आईजीआईएमएस ले जाया गया, उन्हें देर रात पटना के मंदिरी इलाके स्थित आवास से गिरफ्तार किया गया. पुलिस के पहुंचने पर वहां हंगामा हुआ. पप्पू यादव ने शनिवार को कोर्ट में पेश होने की बात कही, लेकिन 1995 के मामले में जारी वारंट के चलते पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया.

ये भी पढ़ें – फिर बढ़ाई गई SIR में दावे-आपत्तियों की तारीख, जानें अब कब तक कर सकेंगे आवेदन?

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button