Coltan Mine Collapse : पूर्वी कांगो में कोल्टन खदान ढहने से 200 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। उत्तरी किवू प्रांत में कोल्टन (कोलंबाइट-टैंटलाइट) खनन स्थल पर भूस्खलन के कारण खदानें ढह गई हैं। मरने वालों की संख्या और बढ़ने की आशंका है।
भारी बारिश के कारण हुआ भूस्खलन
उत्तरी किवू प्रांत के गवर्नर के प्रवक्ता लुमुम्बा कंबेरे मुयिसा ने प्रैस में बताया कि यह भूस्खलन बुधवार को रुबाया खदानों में हुआ, जो विद्रोहियों के नियंत्रण में हैं। उन्होंने कहा कि भूस्खलन भारी बारिश के कारण हुआ।
मुयिसा ने बताया कि, हादसे में फिलहाल 200 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। जिनमें से कुछ के शव अभी भी कीचड़ में फंसे हुए हैं। मरने वालों में खनन मजदूर, बच्चे और बाजार में काम करने वाली महिलाएं शामिल हैं। वहीं कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हैं। जिन्हें रुबाया कस्बे के तीन स्वास्थ्य केंद्रों में ले जाया गया है। मुयिसा ने कहा कि शनिवार को घायलों को एंबुलेंस से निकटतम शहर गोमा ले जाया जाएगा।
खनन पर अस्थायी रूप से लगाई रोक
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नियुक्त गवर्नर ने घटनास्थल पर छोटे स्तर के खनन पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी है। साथ ही झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोगों को वहां से हटाकर सुरक्षित स्थानों पर भेजने के निर्देश दिए हैं। इलाके में सुरक्षा के इंतज़ाम कम हैं और बारिश के मौसम में भूस्खलन जैसी घटनाएं अक्सर होती हैं। इस हादसे ने मानवीय संकट को और गंभीर बना दिया है, जहां खनन मजदूरों की सुरक्षा को नजरअंदाज किया जा रहा है।
हाथ से खुदाई करके होती है कमाई
रुबाया की खदानें एम23 विद्रोहियों के नियंत्रण में हैं, जिन्होंने अप्रैल 2024 से इस इलाके पर कब्जा कर रखा है। यह क्षेत्र दुनिया के कुल कोल्टन उत्पादन का करीब 15 प्रतिशत हिस्सा देता है। कोल्टन से टैंटलम बनाया जाता है, जिसका इस्तेमाल स्मार्टफोन, इलेक्ट्रॉनिक्स और दूसरी आधुनिक तकनीकों में होता है। ये खदानें छोटे स्तर पर चलती हैं, जहां मजदूर हाथ से खुदाई करते हैं और कुछ डॉलर कमा पाते हैं।
ये भी पढ़ें- Agra Road Accident : आगरा में भीषण सड़क हादसा, 5 की मौत, 8 घायल, चारधाम से लौटे थे यात्री
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









