चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध : CM पुष्कर सिंह धामी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
Dehradun : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि उत्तराखंड सरकार चारधाम यात्रा के सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित संचालन के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वर्तमान में यात्रा पूरे राज्य में सुरक्षित रूप से संचालित हो रही है। यात्रा मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है और हेली सेवाएं भी निर्बाध रूप से जारी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा मार्गों पर व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण समय-समय पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सचिवों को यात्रा मार्गों की जमीनी हकीकत समझने और सुधारात्मक कदमों की अनुशंसा हेतु स्थलीय निरीक्षण के लिए भेजा जाए। इस संबंध में मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने को कहा है।
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भी मां गंगा के मायके मुखवा में इस यात्रा (चारधाम यात्रा) में सम्मलित होकर शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा दिया है। यह यात्रा श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। हमारी सरकार इस यात्रा को अच्छा और सुरक्षित बनाने के लिए सभी प्रयास कर रही है।
रियल टाइम मॉनिटरिंग की व्यवस्था को प्रभावी बनाएं
धामी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चारधाम यात्रा की रियल टाइम मॉनिटरिंग प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, जिससे किसी भी आपातकालीन स्थिति से तुरंत और कुशलतापूर्वक निपटा जा सके। इसके साथ ही आगामी मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने राज्य में संचालित अन्य धार्मिक यात्राओं के संबंध में भी सुरक्षा और प्रबंधन को और सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि श्रद्धालुओं को एक यादगार, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान किया जाए।
ये भी पढ़ें: भारत के ब्रह्मोस मिसाइल ने पाकिस्तान के तबाह किए 11 एयरबेस, जानें क्या है खासियत
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप