
Preparation for Arrival of PM Modi: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 19 जून को राजगीर आगमन को लेकर राजगीर एवं नालंदा में सुरक्षा के चाक-चौबंद व्यवस्था की जा रही हैं। वहीं उनके आगमन को लेकर नालंदा के भग्नावशेष के मुख्य द्वार का रंग रोगन कर आसपास साफ सफाई कराई जा रही है। नालंदा के भग्नावशेष के पास रासबिहारी प्लस टू स्कूल के खेल मैदान में एवं नव नालंदा महाविहार के पास हेलीपैड बनाया गया है। राजगीर स्थित नालंदा यूनिवर्सिटी से लेकर प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय तक सड़क के दोनों ओर बांस की वैरिकेडिंग की जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री एस जयशंकर, बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ नालंदा विश्वविद्यालय के भग्नावशेष का अवलोकन करेंगे। बताया जा रहा है कि करीब 10 से 15 मिनट तक (यह समय बढ़ भी सकता है) प्रधानमंत्री प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय में भ्रमण करेंगे। जहां पुरातत्व विभाग के डायरेक्टर एस भट्टाचार्य प्रधानमंत्री को प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय के इतिहास और भूगोल से अवगत कराएंगे।
नालंदा विश्वविद्यालय स्थित सुषमा स्वराज ऑडिटोरियम में मुख्य कार्यक्रम आयोजित होंगे। जहां 240 कुर्सियां लगायी जाएंगी। मंच पर प्रधानमंत्री की कुर्सी के अलावा पांच अन्य कुर्सियां लगाई जाएंगी। इसके अलावा कैंपस के दूसरे हाल में 500 कुर्सियां लगाई जाएंगी। जहां विश्वविद्यालय के फैकल्टी, छात्र अन्य वीआईपी को बैठने की व्यवस्था की गई है। यहां प्रोजेक्टर के माध्यम से लोग इस कार्यक्रम को देख सकेंगे। सुषमा स्वराज ऑडिटोरियम के पास ही शिलापट लगाया गया है।
19 जून को प्रधानमंत्री के राजगीर आगमन को लेकर यातायात में परिवर्तन किया गया है। ट्रैफिक डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि कारगिल चौक से नालंदा सिलाव होते हुए राजगीर जाने वाले हाईवे पर सभी वाहनों का परिचालन पूर्णत प्रतिबंधित रहेगा। बिहार शरीफ से राजगीर जाने वाले वाहन पावापुरी,गिरियक होते हुए राजगीर जाएंगे। नवादा से आने वाली सभी गाड़ियां गिरियक,पावापुरी होते हुए बिहार शरीफ आएंगी।
वहीं गया से बिहार शरीफ की ओर जाने वाली गाड़ियां सरवहदा से खुदागंज, इस्लामपुर, एकंगरसराय होते हुए बिहार शरीफ आएंगी। छबीलापुर से आने वाली सभी गाड़ियां परवलपुर होते हुए बिहार शरीफ आएंगी। छबीलापुर से राजगीर आने वाली सभी गाड़ियां कटारी मोड़, सीआरपीएफ कैंप, विरायतन होते हुए राजगीर जाएंगी। नवादा से राजगीर आने वाली सभी गाड़ियां झूला मोड़, अंबेडकर चौक, पीटीजेएम कॉलेज होते हुए राजगीर बाजार आएंगी। दीपनगर बाजार से राजगीर आने वाली सभी गाड़ियां वास्तु विहार, नानंद, गिरियक रोड होते हुए राजगीर आएंगी।
प्रधानमंत्री के नालंदा खंडहर आगमन को लेकर मंगलवार के 2:00 बजे से पर्यटकों का प्रवेश बंद हो गया। इसके बाद इसकी कमान सीधे एसपीजी के हाथों होगी। नालंदा खंडहर के संरक्षक सहायक अमृत झा ने बताया कि प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर मंगलवार को 2:00 बजे से पर्यटकों का प्रवेश बंद हो गया है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गया से सेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर पर सवार होकर नालंदा विश्वविद्यालय राजगीर पहुंचेंगे। इसके पूर्व विश्वविद्यालय के अंदर हेलीकॉप्टर लैंडिंग का रिहर्सल किया जा रहा है।
आशीष कुमार, नालंदा, संवाददाता, बिहार
यह भी पढ़ें: UP: पहले प्यार का इजहार, फिर यौन शोषण और जबरन गर्भपात की दर्द भरी दास्तां
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप