
Roof Collapsed: भागलपुर में सुल्तानगंज के महेशी पंचायत स्थित वार्ड-2 में जर्जर मकान की छत भरभराकर गिर गई। इस घटना में आधा दर्जन बच्चे घायल हो गए। आसपास के ग्रामीणों ने दौड़कर मलबे से बच्चों को बाहर निकाला। हादसे से हिमांशु उर्फ ओम कुमार मंडल के शरीर में सरिया धंसने से उसकी मौत हो गई। जबकि सुमन कुमार (10) सत्यम कुमार (9), पीयूष कुमार (12), छोटू कुमार (17) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद घायल सुमन कुमार, पीयूष एवं सत्यम कुमार की हालत गंभीर होने पर मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
Roof Collapsed: ‘परिवार की ओर से नहीं मिली शिकायत’
घटना में एक अन्य घायल सोम कुमार (4) को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थानाध्यक्ष प्रिय रंजन ने बताया कि ओम कुमार मंडल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पीड़ित परिवार की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। सीओ रवि कुमार ने बताया कि मकान की छत गिरने से एक बच्चे की मौत हुई है। पीड़ित परिवार को आपदा से मिलने वाला लाभ नियमानुसार दिया जाएगा।
कोई नहीं रहता मकान में
घटनास्थल पर जुटे आसपास के लोगों ने बताया कि मकान नरमदे सिंह, प्रेम शंकर सिंह एवं मुन्ना सिंह का है। इसमें कोई रहता नहीं है। पूर्व में इसमें मवेशी बांधे जाते थे। मकान में आए दिन आसपास के बच्चे छत पर खेला करते थे। घटना के पूर्व भी करीब आधा दर्जन बच्चे छत पर चढ़कर पतंग उड़े रहे थे। सूचना पर सुल्तानगंज थानाध्यक्ष प्रिय रंजन, अंचल पुलिस निरीक्षक रतन लाल ठाकुर सहित सीओ रवि कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू शुरू कराया। लोगों ने बताया कि मृतक सहित कई अन्य बच्चे समीप के स्कूल में पढ़ाई करते हैं।
रिपोर्टः अमरजीत कुमार सिंह, संवाददाता, भागलपुर, बिहार
ये भी पढ़ें: Bihar: CM नीतीश ने जनता दरबार में सुनीं राज्यवासियों की समस्याएं, दिए निर्देश