टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज ईशान किशन ने कहा- ‘हम अपनी गलतियों से ही सीखेंगे’

Share

जिस वक्त ईशान किशन बल्लेबाजी के लिए उतरे, भारत का स्कोर 1 विकेट के नुकसान पर 11 रन था। ऋतुराज गायकवाड़ दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो चुके थे। भारत 209 के लक्ष्य का पीछा कर रहा था। यशस्वी जयसवाल भी 21 रन बनाकर मिड ऑफ पर खड़े स्टीव स्मिथ को कैच दे बैठे।

भारत को 22 पर दूसरा झटका लग गया। यहां से ईशान किशन और कप्तान सूर्यकुमार यादव के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी थी। सीन एबॉट के पांचवें ओवर की दूसरी गेंद ईशान किशन के पैड्स पर फुलर लेंथ की थी। ईशान ने खूबसूरती के साथ मिडविकेट स्टैंड में छक्का जड़ा।

किसी भी लिहाज से यह शॉट उस बल्लेबाज का नहीं लग रहा था, जो लगातार वर्ल्ड कप के 9 मैच में बेंच पर बैठा रहा। ईशान किशन पहली गेंद से ही बेहतरीन लय में नजर आ रहे थे। ईशान किशन जानते थे, अगर भारत को लक्ष्य हासिल करना है तो उन्हें कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ बड़ी साझेदारी बनानी पड़ेगी।

तनवीर संघा के नवें ओवर में ईशान किशन ने मानो धागा खोल कर रख दिया। तनवीर संघा के नवें  ओवर की पहली गेंद मिडिल स्टंप पर फुलर लेंथ की थी। ईशान आगे की तरफ आए और मिडविकेट की दिशा में हार्ड स्लॉग स्वीप के जरिए चौका अपने नाम कर लिया।

 दूसरी गेंद मिडिल स्टंप पर टॉस्ड अप थी। अबकी बार ईशान किशन ने स्लॉग स्वीप के जरिए मिडविकेट की दिशा में छक्का उड़ाया। तीसरी गुगली पर ईशान किशन ने फ्रंट लेग क्लियर किया और लगातार दूसरा छक्का जड़ दिया। ईशान किशन नहीं चाहते थे, रिक्वायर्ड रन रेट का सारा दबाव कप्तान सूर्यकुमार यादव पर आ जाए।

नाथन एलिस के 12वीं ओवर की चौथी गेंद मिडिल स्टंप पर हाफ फॉली थी। ईशान किशन ने डीप मिड विकेट स्टैंड में 93 मीटर लंबा छक्का मारा। इस छक्के के साथ ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव के बीच तीसरे विकेट के लिए 100 रन की पार्टनरशिप पूरी हो गई।

तनवीर संघा के 13वें ओवर की पहली गेंद टॉस्ड अप ऑन मिडिल स्टंप थी। ईशान किशन ने हेलीकॉप्टर शॉट खेला और चौका जड़कर अर्धशतक पूरा कर लिया। दूसरी गेंद मिडिल स्टंप पर फ्लैट डिलीवरी थी। ईशान क्रीज में थोड़ा पीछे गए और डीप मिडविकेट की दिशा में एक और छक्का लगा दिया।

कप्तान सूर्यकुमार यादव ने ईशान को सिंगल देने का इशारा किया। यहां से भारत को जीत के लिए 46 गेंद पर 75 रन की जरूरत थी। ईशान किशन रन और गेंद के बीच अंतर कम करना चाहते थे। तनवीर सिंघा ने 13वें ओवर की तीसरी गेंद गुगली आउटसाइड ऑफ डाली। ईशान किशन ने एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से लॉफ्टेड शॉट खेलने का प्रयास किया, लेकिन सीधा फील्डर को कैच दे बैठे।

ईशान ने तीसरे विकेट के लिए सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर 54 गेंद पर 112 रन जोड़े। अंत में रिंकू सिंह ने मैच फिनिश कर दिया। ईशान ने मैच के बाद कहा, रन रेट बढ़ाने के प्रयास में मैं बड़े शॉट के लिए गया था। अभी यह यंग टीम है और हम अपनी गलतियों से ही सीखेंगे।