खेल

वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज शतक जड़ने वाला खिलाड़ी बने ग्लेन मैक्सवेल

वर्ल्ड कप के 48 साल के इतिहास में सबसे तेज शतक की पूरी दास्तान सुनाते हैं। ऑस्ट्रेलिया ने निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 399 रन बनाए, जवाब में नीदरलैंड 21 ओवर में 90 पर निपट गया। मामला यह रहा कि 39वें ओवर की अंतिम गेंद पर जोस इंग्लिश 14 रन बनाकर आउट हुए। 40वें ओवर की पहली गेंद पर वॉर्नर भी 104 रन बनाकर फाइनलेग बाउंड्री पर पकड़े गए। कंगारू 2 गेंद पर 2 विकेट खो चुके थे और स्कोर 5 विकेट के नुकसान पर 267 रन हो चुका था।

स्टेडियम में मैक्सवेल का नाम गूंजने लगा

अब ग्लेन मैक्सवेल मैदान पर आ चुके थे। टूर्नामेंट उनके लिए बल्ले से ज्यादा खास रहा नहीं था, इसलिए मैक्सवेल के मैदान पर आने के दौरान दिल्ली में ज्यादा शोर-शराबा नहीं हुआ। नीदरलैंड के गेंदबाज स्टंप टू स्टंप गेंदबाजी का प्रयास कर रहे थे। बास डी लीड के 41वें ओवर की चौथी गेंद को मैक्सवेल ने बैक टू द बॉलर 4 रन के लिए खेल दिया। पांचवीं गेंद फुल एंड आउटसाइड ऑफ। मैक्सी ने एक्स्ट्रा कवर की दिशा में खूबसूरती से ड्राइव करते हुए चौका बटोर लिया। पॉल वान मीकेरेन ने 42वें ओवर की दूसरी गेंद स्टंप्स पर रखकर बचने का प्रयास किया। ग्लेन मैक्सवेल ने डाउन द ग्राउंड चौका जड़ दिया। अब धीरे-धीरे स्टेडियम में मैक्सवेल का नाम गूंजने लगा था।

मैक्सवेल का जादू

वैन डर मर्व के 43वें ओवर की दूसरी गेंद को मिडविकेट के हाथ में खेलकर मैक्सवेल ने दूसरा रन भगाने का प्रयास किया और कैमरन ग्रीन 8 रन बनाकर रन आउट हो गए। ऐसा लगता है कि ग्रीन के रन आउट का मैक्सवेल पर गहरा असर हुआ। रन आउट के बाद अगली गेंद डाउन द लेग और मैक्सवेल ने इसे फाइनलेग बाउंड्री के बाहर 4 रन के लिए भेज दिया। पॉल वान मीकेरेन के 44वें ओवर की पहले शॉर्ट ऑफ लेंथ गेंद को मैक्सवेल ने विकेटकीपर और थर्ड मैन के बगल से चौके के लिए निकाल दिया। पॉल वान मीकेरेन के 46वें ओवर की तीसरी फुलर लेंथ गेंद पर ग्लेन मैक्सवेल ने रिवर्स स्वीप खेलते हुए वन बाउंस चौका जड़ दिया।

स्टेडियम में मैक्सवेल को लगे नारे

अब स्टेडियम में मैक्सवेल को लेकर अलग-अलग तरह के नारे तेज हो चुके थे। मैक्सवेल ने अगली धीमी गेंद पर एक्रॉस द लाइन छक्का उड़ा दिया। टिपिकल ग्लेन मैक्सवेल शॉट। बास डी लीड के 47वें ओवर की दूसरी फुलर लेंथ गेंद पर रिवर्स स्वीप में छक्का जड़कर ग्लेन मैक्सवेल ने वनडे करियर का 24वां अर्धशतक पूरा कर लिया। इस ओवर की चौथी गेंद धीमी गति के साथ डाली गई शॉर्ट बॉल थी। ग्लेन मैक्सवेल ने इस बार रिवर्स स्वीप खेलते हुए चौका अपने नाम कर लिया।

48वें ओवर की पहली गेंद पर वान बीक यॉर्कर मिस कर गए। ऑफ स्टंप के बाहर डाली गई इस फुलर लेंथ गेंद को लॉन्गऑन स्टैंड में डिपॉजिट करना मैक्सी ने मिस नहीं किया। पांचवीं फुलर लेंथ गेंद आउटसाइड ऑफ को मैक्सवेल ने बैकवर्ड पॉइंट बाउंड्री के ऊपर से स्लाइस करते हुए मैक्सी छक्के के लिए भेज दिया। बास डी लीड का 49वां ओवर उनके लिए ऐसा बुरा सपना रहा, जिसे वह कभी नहीं भूल पाएंगे। पहली गेंद तेज यॉर्कर और मैक्सवेल का डाउन द ग्राउंड चौका। दूसरी गेंद भी काफी हद तक यॉर्कर और इस बार भी सेम परिणाम। फॉलो थ्रू में बास डी लीड ने लेफ्ट हैंड लगाने का प्रयास किया।

मैक्सी पावर का प्रदर्शन

लेकिन उन्हें जल्दी ही एहसास हो गया कि ऐसा करने में उनका हाथ हमेशा के लिए कुर्बान हो सकता है। इस डाउन द ग्राउंड शॉट में मैक्सी पावर थी। तीसरी गेंद पर फिर एक दफा यॉर्कर मिस और अबकी बार मैक्सवेल ने फ्रंट लेग क्लियर करते हुए डीप मिडविकेट स्टैंड में छक्का जड़ा। चौथी गेंद फुलटॉस और पलक झपकते ही लॉन्गलेग में छक्का। पांचवीं गेंद कमर के ऊपर नो बॉल और नतीजा बैकवर्ड स्क्वायर लेग स्टैंड में छक्का।

46.2 ओवर में मैक्सवेल ने अर्धशतक पूरा किया और 48.4 ओवर में शतक जड़ दिया। 26 गेंद पर अर्धशतक जड़ने वाले मैक्सवेल ने 40 गेंद पर शतक पूरा कर लिया। वान बीक के 50वें ओवर की पहली गेंद पर मैक्सवेल ने रिवर्स स्वीप पर चौका जड़ा, तीसरी गेंद पर डाउन द ग्राउंड शॉट खेलने के प्रयास में सीब्रैंड एंगलब्रेट को कैच दे बैठे। ग्लेन मैक्सवेल ने कुल मिलाकर 44 गेंद पर 9 चौकों और 8 छक्कों के साथ 106 रन की पारी खेली। उनका स्ट्राइक रेट 240.91 रहा।

वर्ल्ड कप का सबसे तेज शतक

2015 में जब ऑस्ट्रेलिया ने वर्ल्ड कप जीता था, तब ग्लेन मैक्सवेल ने 51 गेंद पर वर्ल्ड कप का सबसे तेज शतक ठोका था। अबकी बार मैक्सवेल ने सिर्फ 40 गेंद पर यह कारनामा कर दिया। अक्सर बल्लेबाज 80 से 100 रन पर पहुंचने के दौरान धीमे पड़ जाते हैं। ग्लेन मैक्सवेल ने यह फासला सिर्फ 4 गेंद में तय कर लिया। दिल्ली की पब्लिक ने खड़े होकर मैक्सी की तूफानी पारी का इस्तकबाल किया। मैन ऑफ द मैच चुने जाने के बाद मैक्सवेल ने कहा कि 2 हार के बाद जीत की हैट्रिक हो चुकी है। ऑस्ट्रेलिया इज बैक इन द बिजनेस।

Related Articles

Back to top button