खेल

क्या यही 4 टीमें वर्ल्ड कप 23 का सेमीफाइनल खेलेंगी?

ऑस्ट्रेलिया ने वर्ल्ड कप की सबसे बड़ी जीत हासिल कर नेट रनरेट को निगेटिव से पॉजिटिव में बदल दिया। ऑस्ट्रेलिया ने नीदरलैंड पर 309 रन से जीत हासिल की। यह 48 साल के वर्ल्ड कप इतिहास में रन के मामले में सबसे बड़ी जीत रही। ऑस्ट्रेलिया का नेट रन रेट जो निगेटिव में चल रहा था, वह +1.142 हो गया। अब साफ तौर पर लग रहा है कि 5 बार की वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया पुराने अंदाज में लौट आई है।

मैं झुकेगा नहीं

ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले खेलते हुए 50 ओवर में 8 विकेट पर 399 रन बनाए। जवाब में नीदरलैंड की टीम 21 ओवर में 90 रन के स्कोर पर सिमट गई। डेविड वॉर्नर ने नीदरलैंड के खिलाफ वनडे करियर का 22वां शतक जड़ा। वॉर्नर ने 93 गेंद पर 11 चौकों और 3 छक्कों के साथ 111.84 की स्ट्राइक रेट से 104 रन कूटे। इसके बाद एक बार फिर उन्होंने पुष्पा राज के अंदाज में जश्न मनाया। मानो कहना चाह रहे हों कि मैं झुकेगा नहीं।

इस वर्ल्ड कप में आउट ऑफ फॉर्म चल रहे स्टीव स्मिथ ने 68 गेंद पर 9 चौकों और 1 छक्के की मदद से 71 रन बनाए। जब टीम का स्कोर 160 रन था, तब स्मिथ पवेलियन लौटे। उन्होंने वॉर्नर के साथ दूसरे विकेट के लिए 122 गेंद पर 132 रन जोड़े।आर्यन दत्त के 24वें ओवर की तीसरी गेंद पर कट करने के प्रयास में स्मिथ कैच आउट होकर हुए और इसके बाद लैबुशेन ने मोर्चा संभाल लिया। उनका भी वर्ल्ड कप हिसाब से नहीं जा रहा था, ऐसे में लैबुशेन ने भी पीटने के लिए नीदरलैंड को चुना। जिन दर्शकों को लगा कि डेविड वॉर्नर, स्टीव स्मिथ और मार्नस लैबुशेन की पारी ही ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे बड़ी थी, उनको मैक्सवेल के जलजले का अंदाजा नहीं था। 46.2 ओवर में मैक्सवेल ने अर्धशतक पूरा किया और 48.4 ओवर में शतक जड़ दिया।

सबसे तेज शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बने

ग्लेन मैक्सवेल 48 साल के वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए। मैन ऑफ द मैच मैक्सवेल ने सिर्फ 40 गेंद पर सेंचुरी पूरी कर ली। दुनिया के अधिकतर बल्लेबाज 80 से 100 तक पहुंचने के दौरान धीरे पड़ जाते हैं। मैक्सवेल ने सिर्फ 4 गेंद में यह फासला तय कर लिया। ग्लेन मैक्सवेल को देखकर लगा कि अब यह बल्लेबाज किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को नेस्तनाबूद कर देगा।

कंगारू की तेज गेंदबाजी आक्रमण

अब अगर वॉर्नर पुष्पा के अंदाज में जश्न मना रहे थे, तो मैक्सवेल ने छक्का जड़कर शतक पूरा कर दिया। बास डी लीड के 49वें ओवर के कमर के ऊपर हाइट वाली पांचवीं नो बॉल को डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग स्टैंड में छक्के के लिए भेज कर मैक्सवेल 95 से 101 पर पहुंच गए। 400 रन का टारगेट चेज करने उतरे नीदरलैंड के ओपनर्स ने बढ़िया शुरुआत की, लेकिन कंगारू तेज गेंदबाजी आक्रमण के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सके। टीम ने पावरप्ले में 48 रन बनाने में 3 विकेट गंवा दिए।

इसके बाद अगली 60 गेंद पर 42 रन बनाकर बाकी बचे 7 बल्लेबाजों ने भी पवेलियन का रास्ता पकड़ लिया। कंगारू स्पिनर एडम जैम्पा ने लगातार तीसरे मैच में 4 विकेट लिए। वह 13 विकेट के साथ इस वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाज बन गए हैं। कीवी मिचेल सैंटनर 12 और जसप्रीत बुमराह 11 विकेट के साथ दूसरे और तीसरे पोजिशन पर हैं। 

जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया चौथे पोजीशन

साउथ अफ्रीका के क्विंटन डी कॉक रनों के मामले में 407 रन बना कर टॉप पर आ गए हैं। 354 रन के साथ विराट कोहली दूसरे पोजीशन पर हैं। 5 मैच में 5 जीत और 10 पॉइंट्स के साथ भारत टॉप पर है। इतने ही मैच में 4-4 जीत के साथ साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड दूसरे-तीसरे पायदान पर है। अफ्रीका का नेट रननेट +2.370 है, जबकि न्यूजीलैंड का +1.481…! 3 जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया चौथे पोजीशन पर पहुंच गया है।

Related Articles

Back to top button