जयपुर के सेंट्रल पार्क में बना बेहद शानदार गांधी वाटिका, खड़गे, राहुल गांधी, CM गहलोत ने किया उद्घाटन

Rajasthan: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की मौजूदगी में शनिवार को जयपुर में बने गांधी वाटिका का उद्घाटन किया गया। जयपुर के सेंट्रल पार्क में 85 करोड़ की लागत से बने इस गांधी वाटिका में महात्मा गांधी से जुड़ी कई चीजों को आकर्षक तरीके से स्थापित किया गया है। इस मौके पर कांग्रेस नेताओं ने देश भर से पहुंचे 200 से अधिक प्रख्यात गांधीवादियों को संबोधित किया। कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने इस उद्घाटन की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर करते हुए लिखा कि कांग्रेस नफरती राजनीति के खिलाफ लड़ती रहेगी।
सीएम अशोक गहलोत ने सेंट्रल पार्क में बनी ‘गांधी वाटिका’ का किया लोकार्पण
शनिवार को जयपुर में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय भवन के शिलान्यास और कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने के बाद शाम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सांसद राहुल गांधी एवं राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जयपुर के सेंट्रल पार्क में बनी ‘गांधी वाटिका’ का लोकार्पण किया।
खरगे, राहुल गांधी एवं अशोक गहलोत प्रार्थना सभा में हुए शामिल
इस दौरान राजस्थान सीएम अशोक गहलोत ने बताया कि वर्तमान परिस्थितियों में देश में गांधी दर्शन अत्यंत महत्वपूर्ण है। राज्य सरकार ने महात्मा गांधी के विचारों व मूल्यों से नई पीढ़ी को रूबरू करवाने के लिए यह पहल की है। उन्होंने गांधी वाटिका के लोकार्पण के बाद देशभर से आए 200 से अधिक प्रख्यात गांधीवादियों को संबोधित किया। इस दौरान खरगे, राहुल गांधी एवं अशोक गहलोत वहां आयोजित प्रार्थना सभा में शामिल हुए।
गांधीजी के आदर्शो को रखना है जीवित
खड़गे ने कहा कि गांधीजी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की यह पहल सराहनीय है। अन्य राज्यों को भी इसका अनुसरण करना चाहिए। आज के दौर में जब वैश्विक स्तर पर लोकतंत्र पर प्रहार हो रहे हैं। ऐसे संस्थान एक आशा की किरण के रूप में देश को एक नई दिशा देने का कार्य करते हैं। आज हम सब को मिलकर गांधीजी के आदर्शो को जीवित रखना है।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद के.सी. वेणुगोपाल, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, गांधी पीस फाउंडेशन के अध्यक्ष कुमार प्रशांत, पूर्व शिक्षा राज्य मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा, मुख्य सचिव उषा शर्मा सहित मंत्रिपरिषद् के सदस्य, विधायक और उच्चाधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें: Rajasthan: स्कूल बस और ट्रक में हुई भीषण भिड़ंत, प्रिंसिपल और एक छात्रा की मौत, 27 घायल