सपा अध्यक्ष के बयान पर योगी के मंत्री ने किया पलटवार, कहा-“सपा का विलय करें तो अखिलेश यादव को…”

मैनपुरी उपचुनाव को लेकर सपा और भाजपा के बीच बीते दिनों जुबानी जंग तेज हो गई थी। इसी के साथ कल यूपी के तीन सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान भी होना है। वहीं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रामपुर से बीजेपी के ऊपर निशाना साधा था। जिसे लेकर सियासी पारा तेजी से गर्म हो गया। वहीं अखिलेश यादव द्वारा दिए गए एक बयान पर बीजेपी हमलावर हो गई है। बता दें उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर पलटवार किया है। वहीं शनिवार को मैनपुरी पहुंचे राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि अखिलेश यादव सपा का विलय भाजपा में कर दें तो उन्हें केंद्रीय मंत्री बनाने पर विचार किया जा सकता है।
क्या है पूरा मामला
बता दें कि सपा मुखिया अखिलेश यादव ने चुनाव प्रचार के दौरान प्रदेश सरकार के दो डिप्टी सीएम को असिस्टेंट बताया था। अखिलेश ने कहा था कि दोनों डिप्टी सीएम अगर अपने 100 विधायक लेकर आ जाएं तो सपा उन्हें मुख्यमंत्री बना देगी। सपा मुखिया के इसी बयान पर राज्यमंत्री ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अब अखिलेश मुख्यमंत्री और मंत्री बनने वाले नहीं हैं। जनमत उन्हें मिलने वाला नहीं है। इसी के साथ जनता का मोदी और योगी पर विश्वास है और मोदी और योगी का जनता पर विश्वास है। सपा के किले पहले ही ध्वस्त हो गए हैं। मैनपुरी उपचुनाव पर कहा कि सपा का अंतिम किला भी 8 दिसंबर को ध्वस्त होने वाला है।