
नई दिल्लीः देशभर में कोरोना वायरस के संक्रमण को खत्म करने के लिए कोविड वैक्सीन अभियान जोरों पर है। बता दें कि देश ने 100 करोड़ से अधिक कोविड डोज की उपलब्धि हासिल की है।
जिससे ध्यान में रखते हुए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मन की बात कार्यक्रम में वैक्सीनेशन अभियान पर बात की और देशवासियों को इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए बधाई दी है।
पीएम मोदी ने कहा 100 करोड़ वैक्सीन डोज़ के बाद आज देश नए उत्साह और नई ऊर्जा से आगे बढ़ रहा है। हमारे वैक्सीन कार्यक्रम की सफलता भारत के सामर्थ्य को दिखाती है, सबके प्रयास के मंत्र की शक्ति को दिखाती है।
परिश्रम और संकल्प से एक नई मिसाल पेश की
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा हमारे स्वास्थ्यकर्मियों ने अपने अथक परिश्रम और संकल्प से एक नई मिसाल पेश की। उन्होंने इनोवेशन के साथ अपने दृढ़ निश्चय से मानवता की सेवा का एक नया मानदंड स्थापित किया।
पीएम मोदी ने देशवासियों से कहा हम 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाते है। हम सभी का दायित्व है कि हम एकता का संदेश देने वाली किसी न किसी गतिविधि से जरूर जुड़ें।
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि अगले महीने 15 नवंबर को हमारे देश के वीर योद्धा भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती है। भगवान बिरसा मुंडा को धरती आबा भी कहा जाता है। इसका अर्थ धरती पिता होता है। भगवान बिरसा मुंडा ने जिस तरह अपनी संस्कृति, जंगल, जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष किया वो धरती आबा ही कर सकते थे।
भारत ने सदैव विश्व शांति के लिए काम किया
पीएम मोदी का कहना है कि भारत ने सदैव विश्व शांति के लिए काम किया है। हमें इस बात का गर्व है कि भारत 1950 के दशक से लगातार संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन का हिस्सा रहा है। गरीबी हटाने, जलवायु परिवर्तन और श्रमिकों से संबंधित मुद्दों के समाधान में भी भारत अग्रणी भूमिका निभा रहा है।