Uttar Pradesh

UP में 4.60 लाख छात्रों के खातों में पहुंचे ₹148 करोड़, योगी सरकार ने जारी की छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति

UP Mews : उत्तर प्रदेश में पढ़ाई कर रहे लाखों विद्यार्थियों के लिए शनिवार का दिन अहम रहा. लखनऊ के लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक क्लिक के जरिए 4,60,559 छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से ₹148.04 करोड़ की छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति की राशि भेजी. इस दौरान मुख्यमंत्री ने 11 विद्यार्थियों को मंच पर अपने हाथों से छात्रवृत्ति प्रमाणपत्र भी दिए.

इस योजना का सबसे बड़ा हिस्सा अन्य पिछड़ा वर्ग और अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को मिला. OBC के 2,23,615 विद्यार्थियों के खातों में ₹60.01 करोड़ और SC के 1,59,959 विद्यार्थियों के खातों में ₹64.54 करोड़ भेजे गए. वहीं सामान्य वर्ग के 38,084 विद्यार्थियों को ₹11.43 करोड़ और अल्पसंख्यक वर्ग के 38,901 विद्यार्थियों को ₹12.06 करोड़ की छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति मिली.

आर्थिक तंगी से नहीं रुकेगी पढ़ाई

योजना के तहत कम आय वाले परिवारों के पूर्वदशम यानी कक्षा 9 और 10 के साथ दशमोत्तर कक्षाओं में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को शामिल किया गया है. सरकार का उद्देश्य आर्थिक परेशानी को विद्यार्थियों की पढ़ाई के रास्ते में बाधा बनने से रोकना है.

छात्रवृत्ति के आवेदन से लेकर भुगतान तक की प्रक्रिया ऑनलाइन है. आधार आधारित भुगतान व्यवस्था के जरिए पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में सीधे धनराशि पहुंचाई जा रही है. सरकार के मुताबिक आधार आधारित पैकेट सिस्टम से वितरण में पारदर्शिता बढ़ी है और बिचौलियों की भूमिका खत्म हुई है.

65.95 लाख छात्रों को मिल चुका लाभ

प्रदेश सरकार के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में 65.95 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं को ₹4,793 करोड़ से ज्यादा की छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति दी जा चुकी है. सरकार का कहना है कि प्रक्रिया को और आसान बनाकर योजना का लाभ प्रत्येक पात्र विद्यार्थी तक पहुंचाने की कोशिश जारी है.

ये भी पढ़ें – CEC के खिलाफ सड़कों पर संग्राम: दिल्ली में AAP का प्रदर्शन, मुंबई में CJP का ‘जेल भरो आंदोलन’

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button