Action at AI Summit : इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब को AI इम्पैक्ट समिट में शर्टलेस प्रदर्शन के मामले में दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पटियाला हाउस कोर्ट में पेशी के दौरान पुलिस ने 7 दिन की कस्टडी की मांग की थी, लेकिन कोर्ट ने 4 दिन की पुलिस कस्टडी मंजूर की. इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता कोर्ट के बाहर जमा हो गए. सूत्रों के मुताबिक, पुलिस अब उदयभानु से पूछताछ करेगी ताकि प्रदर्शन की पूरी साजिश और योजना का पता लगाया जा सके.
पुलिस ने उदयभानु चिब को पटियाला हाउस कोर्ट में सुबह करीब 10 बजे पेश किया. पुलिस ने 7 दिन की कस्टडी की मांग की, क्योंकि मामले के अन्य आरोपी अलग-अलग राज्यों-जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में हैं और उन्हें साक्षात्कार (कंफ्रंट) करने की जरूरत है. इसके अलावा, पुलिस ने यह भी कहा कि बड़ी साजिश की जांच के लिए अधिक समय की आवश्यकता है. अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद पुलिस की मांग को आंशिक रूप से मंजूर करते हुए 4 दिन की पुलिस रिमांड निर्धारित की. वहीं, उदयभानु के वकील ने रिमांड का विरोध किया और तर्क दिया कि उनके क्लाइंट ने जांच में सहयोग किया है, घटनास्थल पर मौजूद नहीं थे, इसलिए उनकी गिरफ्तारी की कोई आवश्यकता नहीं थी.
AI इम्पैक्ट समिट विरोध मामले में कुल 8 गिरफ्तार
इस मामले में अब तक कुल 8 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं, जिनमें उदयभानु चिब भी शामिल हैं. घटना के दिन ही पहले चार कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया था और उन्हें 5 दिन की पुलिस कस्टडी मिली थी. कांग्रेस ने इन गिरफ्तारियों को ‘असंवैधानिक’ और ‘तानाशाही’ करार दिया है. IYC महासचिव शेष नारायण ओझा ने इसे ‘अंग्रेजों जैसा शासन’ बताया. पार्टी का दावा है कि उनके कार्यकर्ता केवल शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रख रहे थे, लेकिन सरकार विरोध को दबाने का प्रयास कर रही है.
20 फरवरी AI इम्पैक्ट समिट में शर्टलेस प्रदर्शन
यह मामला 20 फरवरी 2026 को भारत मंडपम में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट के दौरान सामने आया, जब युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शर्टलेस विरोध प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए. पुलिस ने इस पर सार्वजनिक शांति भंग, आपराधिक साजिश और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया. पुलिस का आरोप है कि उदयभानु चिब इस प्रदर्शन के ‘मास्टरमाइंड’ थे और उन्होंने इसके लिए लॉजिस्टिक्स की व्यवस्था भी की थी.
ये भी पढ़ें – बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर अत्याचार अभी भी जारी, हिंदू महिला के साथ हुई गैंगरेप
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









