Dharmendra Pradhan : केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पद छोड़ने के करीब दो सप्ताह बाद धर्मेंद्र प्रधान ने पहली बार इस मुद्दे पर खुलकर बात की. बीते शनिवार को संबलपुर की GM यूनिवर्सिटी में छात्रों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए प्रधान ने कहा कि NEET पेपर लीक को लेकर हुए विरोध-प्रदर्शनों के दौरान जेन-Z को गुमराह करने की कोशिश की गई, उन्होंने कहा कि उस समय उनके लिए कोई निजी मसला नहीं था और पद भी उनके लिए महत्वपूर्ण नहीं था.
प्रधान ने कहा कि जेन-Z देश के बच्चे हैं और कुछ लोगों ने उन्हें गुमराह करने की कोशिश की, उन्होंने कहा कि भारत में हर साल कम से कम दो करोड़ बच्चे पैदा होते हैं और पिछले 10 वर्षों में करीब 20 करोड़ बच्चे पैदा हुए हैं. इन युवाओं की अपनी उम्मीदें हैं और वे भारत को ‘विश्व गुरु’ बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे.
उन्होंने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संपर्क कर इस्तीफे की पेशकश की थी. आपको बता दें कि प्रधान ने 25 जुलाई को मंत्रालय से इस्तीफा दिया था.
नवीन पटनायक पर भी साधा निशाना
रायराखोल में एक अन्य कार्यक्रम के दौरान धर्मेंद्र प्रधान ने BJD अध्यक्ष और ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक पर भी निशाना साधा. उन्होंने BJD कार्यकर्ताओं के विरोध और ‘वापस जाओ’ के नारों को लेकर कहा कि वह इससे परेशान नहीं हैं.
एयरपोर्ट के पास हुए विरोध-प्रदर्शन का जिक्र करते हुए प्रधान ने कहा, “मैं एक किसान का बेटा हूं. भले ही आप मुझे वापस जाने के लिए कहें, मैं वापस आऊंगा.”
मैंने राज्य को कभी शर्मिंदा नहीं किया
प्रधान ने आरोप लगाया कि नवीन पटनायक उनके खिलाफ विरोध-प्रदर्शनों में युवाओं को शामिल कर रहे हैं, उन्होंने सवाल किया कि क्या उन्होंने कभी ऐसा कोई काम किया है जिससे ओडिशा के लोगों को शर्मिंदगी उठानी पड़े. सभा में मौजूद लोगों ने इसका जवाब ‘नहीं’ में दिया.
प्रधान ने कहा कि उन्होंने अपने काम से कभी लोगों को शर्मिंदा नहीं किया और आगे भी ऐसा कोई काम नहीं करेंगे जिससे ओडिशा की प्रतिष्ठा प्रभावित हो. उन्होंने यह भी कहा कि 12 साल पहले भगवान जगन्नाथ और संबलपुर की आराध्य देवी मां समलेश्वरी के आशीर्वाद से वह केंद्रीय मंत्री बने थे. कार्यक्रम में BJD विधायक और विधानसभा में उप-नेता प्रसन्न आचार्य भी मौजूद थे.
ये भी पढ़ें- CJP ने खत्म किया आंदोलन, सरकार से बातचीत के बाद तीनों मांगें पूरी, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









