BRICS Summit 2026 : नई दिल्ली के भारत मंडपम में शनिवार शाम BRICS समिट में शामिल नेताओं और प्रतिनिधियों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खास डिनर का आयोजन किया. रात्रिभोज में भारत की अलग-अलग पाक परंपराओं और क्षेत्रीय स्वादों को पेश करने वाला विशेष शाकाहारी मेन्यू रखा गया. डिनर के साथ ‘नवरस: द यूनिवर्स ऑफ शेयर्ड इमोशन्स’ नाम की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने कार्यक्रम को और खास बना दिया.
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग इस खास रात्रिभोज में शामिल नहीं हुए. सूत्रों के मुताबिक, जिनपिंग डिनर में जाने के बजाय आराम करने के लिए अपने होटल लौट गए थे. हालांकि, उनके कार्यक्रम में शामिल नहीं होने की आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है.वहीं, अबू धाबी के युवराज शेख खालिद बिन मोहम्मद भी डिनर में मौजूद नहीं रहे.
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत BRICS के दूसरे नेताओं ने रात्रिभोज में हिस्सा लिया और भारतीय व्यंजनों का स्वाद चखा.
स्टार्टर में खंडवी और खुंब गलौटी
मेहमानों के लिए स्टार्टर में खास खंडवी मिलेफॉय परोसी गई. इसे बेसन की खंडवी, आम, नारियल, करी पत्ते और दही की ड्रेसिंग के साथ तैयार किया गया था. इसके साथ खुंब गलौटी भी परोसी गई, जिसमें मशरूम के कबाब को हल्का ग्रिल कर पुदीने और शीरमल ब्रेड के साथ पेश किया गया.
मेन कोर्स में दिखा भारत का विविध स्वाद
मुख्य भोजन में पनीर लबाबदार, हिमालयी गुच्छी मशरूम, शतावरी, अरहर दाल, बीटरूट रायता और मिवेट पुलाव शामिल रहे. अलग-अलग किस्म की भारतीय रोटियां भी मेहमानों को परोसी गईं. दक्षिण भारतीय स्वाद को सामने रखने के लिए ढक्काली बेले सारू को भी मेन्यू में जगह दी गई.
डेजर्ट में पुरानी दिल्ली के स्वाद से प्रेरित ओल्ड दिल्ली फ्रूट क्रीम विद जलेबी परोसी गई. इसमें मौसमी फलों, हल्की क्रीम और कुरकुरी जलेबी का मेल था. इसके अलावा मेहमानों को शहतूत फिरनी भी परोसी गई. इस तरह BRICS डिनर में भारतीय खान-पान की विविधता के साथ देश की सांस्कृतिक परंपराओं की भी झलक देखने को मिली.
ये भी पढ़ें- BRICS देशों में यूपी का दबदबा! योगी सरकार की नीतियों से ₹47,484 करोड़ का निर्यात
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









