Digital Campaign : सोशल मीडिया पर इन दिनों एक नया नारा तेजी से वायरल हो रहा है. “56 इंच का छोटा बंदर, बाल नरेंद्र… बाल नरेंद्र.” कुछ ही दिनों में यह नारा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाखों लोगों तक पहुंच गया और अब यह सिर्फ एक ट्रेंड नहीं, बल्कि राजनीतिक व्यंग्य का नया प्रतीक बनकर उभरा है. इसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए आम आदमी पार्टी के नेताओं ने अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल फोटो बदलकर इस कैंपेन को नया आयाम दे दिया है.
सोशल मीडिया पर यह नारा सीधे उस “56 इंच के सीने” वाले दावे पर व्यंग्य करता है, जिसे भारतीय जनता पार्टी ने वर्षों तक मजबूत नेतृत्व की पहचान के रूप में पेश किया. अब वही प्रतीक सोशल मीडिया पर उलटकर सत्ता के खिलाफ असंतोष और सवालों की अभिव्यक्ति का माध्यम बनता दिखाई दे रहा है. खासकर Gen Z यानी युवा वर्ग इस नारे को मीम, रील और डिजिटल कंटेंट के जरिए तेजी से आगे बढ़ा रहा है.
छात्रों के साथ सख्ती का आरोप
आम आदमी पार्टी का कहना है कि यह अभियान उन लोगों की आवाज है, जो मानते हैं कि सरकार आलोचना सुनने के बजाय विरोध को दबाने का रास्ता चुन रही है. पार्टी का आरोप है कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ सख्ती की गई, ई-20 पेट्रोल जैसे फैसलों पर जनता की चिंताओं को नजरअंदाज किया गया और इथेनॉल के मुद्दे पर सरकार ने देशहित से ज्यादा दबाव की राजनीति दिखाई. इसी नाराजगी को व्यंग्य के जरिए डिजिटल प्लेटफॉर्म पर व्यक्त किया जा रहा है.
हजारों लोगों ने अपनाई प्रोफाइल फोटो
पार्टी नेताओं का कहना है कि लोकतंत्र में जनता सवाल पूछेगी और सत्ता को जवाब देना होगा. उनका दावा है कि जब सरकार जनता की भावनाओं को अनदेखा करती है, तब सोशल मीडिया ही विरोध की सबसे बड़ी आवाज बन जाता है. यही कारण है कि हजारों लोगों ने इस प्रोफाइल फोटो को अपनाकर इसे डिजिटल आंदोलन का रूप देना शुरू कर दिया है.
देश को जवाबदेही की जरूरत
आम आदमी पार्टी का कहना है कि यह अभियान किसी व्यक्ति के खिलाफ नहीं, बल्कि अहंकार की राजनीति के खिलाफ है. पार्टी का दावा है कि देश को बड़े-बड़े नारों की नहीं, बल्कि जवाबदेही, संवेदनशीलता और जनहित में फैसले लेने वाली राजनीति की जरूरत है. इसी संदेश के साथ “56 इंच का छोटा बंदर” अब सोशल मीडिया पर एक वायरल नारे से आगे बढ़कर राजनीतिक व्यंग्य और डिजिटल विरोध का नया चेहरा बनता जा रहा है.
ये भी पढ़ें- CJP ने खत्म किया आंदोलन, सरकार से बातचीत के बाद तीनों मांगें पूरी, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









