पंजाब सरकार अग्निवीरों को सेवा मुक्ति के बाद देगी रोजगार : मोहिंदर भगत

Welfare of Agniveers
Share

Welfare of Agniveers : पंजाब के रक्षा सेवा कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने घोषणा की है कि पंजाब सरकार मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य के अग्निवीर जवानों को सेवा मुक्ति के बाद रोजगार देगी। मोहिंदर भगत आज पटियाला में “पंजाब सरकार आपके द्वार” के तहत पूर्व सैनिकों की समस्याएं सुनने पहुंचे थे।

इस मौके पर मोहिंदर भगत ने कहा कि साल 2027 में 800 अग्निवीरों का पहला बैच सेवा मुक्त होकर पंजाब लौटेगा, लेकिन उन्हें पूर्व सैनिकों के लाभ नहीं मिलेंगे। इसलिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पहले से ही उनके लिए चिंता जताते हुए अग्निवीरों को नौकरियों देने का प्रस्ताव तैयार करने का आदेश दिया है।

जिला रक्षा सेवा कल्याण कार्यालय में एकत्रित पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, विधवाओं और पुरस्कार विजेताओं के साथ बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने बताया कि पंजाब सरकार मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में इस बात पर वचनबद्ध है कि पूर्व सैनिकों को पेंशनों के संबंध में कोई दिक्कत न आए। उन्होंने कहा कि इसके लिए केंद्र सरकार और रक्षा मंत्रालय से भी संपर्क किया जाएगा, ताकि पेंशनरों को स्पर्श कार्यक्रम के तहत जीवन प्रमाण पत्र देने में आने वाली मुश्किलों का समाधान किया जा सके।

उन्होंने बताया कि वह हर जिले में पूर्व सैनिकों की समस्याएं सुनने के लिए जा रहे हैं। इस कारण हर जिले में जिला प्रशासन को आदेश जारी किए गए हैं कि महीने में एक बार पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान के लिए रक्षा सेवा कल्याण विभाग के साथ समन्वय बैठक कर मुद्दों का निपटारा किया जाए।

मोहिंदर भगत ने देश की सुरक्षा और सीमाओं की रक्षा के लिए पूर्व सैनिकों द्वारा की गई सेवा और उनके जज्बे को सलाम करते हुए कहा कि केवल सैनिक ही अपनी सेवा के दौरान और सेवा मुक्ति के बाद भी देश के लिए अपनी जान की कुर्बानी देने के लिए हर समय तैयार रहता है। उन्होंने पूर्व सैनिकों को समाज का महत्वपूर्ण और सम्माननीय अंग बताते हुए कहा कि पंजाब सरकार मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में उनके घर तक जाकर उनकी हर संभव सहायता करेगी।

कैबिनेट मंत्री ने पूर्व सैनिकों को आमंत्रित किया कि वे जिला रक्षा सेवा कल्याण कार्यालय में अवश्य आया करें और अपनी समस्याओं के बारे में यहां के अधिकारियों को अवगत कराएं। इस मौके पर पूर्व सैनिकों ने पंजाब सरकार के इस प्रयास की सराहना करते हुए कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत का धन्यवाद किया, जिन्होंने उनकी समस्याओं को सुनकर मौके पर ही समाधान किया।

इस मौके पर उनके साथ रक्षा सेवा विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर (सेवा मुक्त) भूपिंदर सिंह ढिल्लों भी मौजूद थे। कैबिनेट मंत्री के पटियाला में पहली बार आगमन के मौके पर पटियाला पुलिस की टुकड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रस्तुत किया।

रिपोर्टः विपन मेहरा, संवाददाता, पटियाला, पंजाब

यह भी पढ़ें : ‘महाविकास अघाड़ी, बिना ब्रेक और पहिए वाली गाड़ी, चलाने के लिए मारम-मार, नहीं दे पाएंगे स्थिर सरकार’

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप