Delhi NCR

यमुना में अमोनिया की मात्रा बढ़ने से दिल्ली में पानी का संकट

वजीराबाद इलाके में यमुना में अमोनिया की मात्रा बढ़ने से दिल्ली में पानी का संकट फिर गहराने लगा है। अमोनिया बढ़ने से दिल्ली जल बोर्ड के चंद्रावल और वजीराबाद जल शोधन संयंत्र से पानी का उत्पादन 10 से 50 फीसदी तक प्रभावित हुआ है।इससे मंगलवार कई इलाकों में पानी आपूर्ति बाधित रही। इतना ही नहीं, पश्चिमी और दक्षिण पश्चिमी दिल्ली के कई इलाकों में बुधवार को भी पानी आपूर्ति बाधित रहेगी।

दिल्ली जल बोर्ड के अनुसार, दिसंबर से यमुना में अमोनिया की मात्रा कई बार बढ़ी है। मंगलवार को अमोनिया की मात्रा पांच पीपीएस तक पहुंच गई। इसके चलते इन दोनों संयंत्र से यमुना के पानी को साफ नहीं किया गया। हैदरपुर से मुनक नहर का पानी लेकर शोधन किया जा रहा है। जल बोर्ड के अधिकारियों का मानना है कि इसके चलते अगले कुछ दिनों तक पानी की सेवा बाधित हो सकती है। कुछ इलाकों में पानी का प्रेशर कम रहेगा।

सिविल लाइंस, हिंदू राव अस्पताल, कमला नगर, शक्ति नगर, करोल बाग, पहाड़गंज, एनडीएमसी क्षेत्र, पुराना और नया राजेंद्र नगर, पटेल नगर (पूर्व और पश्चिम), बलजीत नगर, प्रेम नगर, इंद्रपुरी, कालकाजी, गोविंदपुरी, तुगलकाबाद, संगम विहार, आंबेडकर नगर, प्रह्लादपुर, रामलीला मैदान, दिल्ली गेट, सुभाष पार्क, मॉडल टाउन, गुलाबी बाग, पंजाबी बाग, जहांगीरपुरी, मूलचंद, साउथ एक्स, ग्रेटर कैलाश, छावनी पानी की आपूर्ति प्रभावित रही।

Related Articles

Back to top button