
विराट कोहली ने 273 पारियों में 48 वनडे शतक पूरे कर लिए हैं, सचिन ने 438 ODI इनिंग्स में यह कारनामा किया था। बांग्लादेश के खिलाफ जिस वक्त विराट कोहली बल्लेबाजी के लिए उतरे थे, भारत का स्कोर 12.4 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 88 रन था। भारत 257 के लक्ष्य का पीछा कर रहा था।
आक्रामक बल्लेबाजी
विराट कोहली ने पारी की शुरुआत में आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने आते ही मिली 2 फ्री हिट पर चौका और छक्का जड़ा। हसन महमूद के 13वें ओवर की पांचवीं गेंद पैड्स पर लोअर फुलटॉस थी, जिसपर विराट ने मिडविकेट की दिशा में 2 रन हासिल किए। यह गेंद ओवर स्टेप करने के कारण नो बॉल करार दी गई।
हसन ममहमूद के 13वें ओवर की पहली फ्री हिट गेंद ऑफ स्टंप के बाहर फुल लेंथ थी, इसपर विराट ने मिड ऑन के बगल से चौका जड़ा। गेंदबाज फिर एक बार ओवर स्टेप कर गया, तो यह गेंद भी नो बॉल करार गई। विराट ने अगली फ्री हिट पर डाउन द ग्राउंड छक्का जड़ दिया। आखिरकार ओवर की अंतिम गेंद लीगल डिलीवरी थी और विराट ने थर्ड मैन की दिशा में इस पर सिंगल लिया।
क्रिकेट का नियम
क्रिकेट का नियम कहता है कि नो बॉल के बदले गेंदबाज को दूसरी गेंद डालनी पड़ेगी, लेकिन वह बल्लेबाज के स्कोर में काउंट की जाएगी। इसका मतलब हुआ कि गेंदबाज ने विराट के सामने 2 गेंद पर 13 रन खर्च किए, विराट का स्कोर 4 गेंद पर 13 रन हो गया।पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में मौजूद दर्शक झूम उठे। उन्हें अंदाजा हो गया था कि आज विराट कुछ अलग करने के मूड में हैं। नसुम अहमद ने 15वें ओवर की पहली गेंद मिडिल स्टंप पर फुलर लेंथ की डाली। विराट ने अबकी बार मिडविकेट की दिशा में कलाइयों का खूबसूरत इस्तेमाल करते हुए चौका लगा दिया। मेहदी हसन मिराज के 20वें ओवर की चौथी गेंद टॉस्ड अप आउटसाइड ऑफ स्टंप थी। विराट ने एक्स्ट्रा कवर की दिशा में खूबसूरत ड्राइव करते हुए चौका लगा दिया।
हसन मोहम्मद के 27वें ओवर की पांचवी शॉर्ट बॉल पर विराट ने स्क्वायर लेग की दिशा में कंट्रोल्ड पुल शॉट पर चौका अपने नाम कर लिया। विराट टॉप ऑफ द बाउंस पर आए और आसानी से यह शॉट खेला। अगली गेंद पर मिडऑन की दिशा में सिंगल लेकर विराट ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। मुस्तफिजुर रहमान के 29वें ओवर की अंतिम गेंद गुड लेंथ आउटसाइड ऑफ थी। विराट आगे निकल कर आए और कवर्स की दिशा में पंच करते हुए चौका जड़ दिया।
मैं सिर्फ गेंद को ब्लॉक करूंगा- KL RAHUL
जब जीत के लिए 30 रन के आसपास बचे थे, तब केएल राहुल ने साफ कर दिया कि अब मैं सिर्फ गेंद को ब्लॉक करूंगा। विराट आप बड़े शॉट लगाइए और शतक के लिए जाइए। हसन महमूद के 39वें ओवर की पांचवीं गेंद ऑफ स्टंप पर धीमी गति के साथ डाली गई थी। विराट ने इसे पिक कर लिया और लॉन्गऑन के ऊपर से छक्का उड़ा दिया। 40वां ओवर लेकर नसुम अहमद सामने थे। विराट ने पहली फ्लाइटेड डिलीवरी आउटसाइड ऑफ स्टंप को मिडविकेट की दिशा में चौके के लिए खेल दिया। चौथी गेंद फिर एक दफा ऑफ स्टंप पर टॉस्ड अप डिलीवरी और अबकी बार नतीजा लॉन्गऑन स्टैंड में छक्का।
भारत ने 7 विकेट से मैच जीता
भारत को जीत के लिए 2 रन चाहिए थे और विराट कोहली को शतक पूरा करने के लिए 3 रन बनाने थे। विराट नसुम अहमद के 42वें ओवर की तीसरी गेंद पर डाउन द ट्रैक आए। गेंद को फुल लेंथ पर लिया और छक्का जड़ दिया। इसी के साथ विराट ने 48वां वनडे शतक पूरा कर लिया और भारत को 7 विकेट से जीत दिला दी। विराट ने 97 गेंद पर 6 चौकों और 4 छक्कों के साथ 103* रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 106.19 रहा। भारत ने 7 विकेट से मैच जीत लिया