राजनाथ सिंह का 72वां जन्मदिन आज, पढ़ें यूपी सीएम से लेकर रक्षा मंत्री बनने तक की पूरी कहानी

भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का आज जन्मदिन है। रक्षा मंत्री आज अपना 72वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर उन्हें दुनियाभर से बधाई संदेश मिल रहे हैं। राजनाथ सिंह का जन्म 10 जुलाई 1951 को उत्तर प्रदेश के चंदौली में हुआ था। उनके पिता का नाम राम बदन सिंह और माता का नाम गुजराती देवी है। राजनाथ सिंह ने गोरखपुर यूनिवर्सिटी से भौतिकी में एमएससी तक की पढ़ाई की है। उनके दो बेटे और एक बेटी है। वर्तमान में राजनाथ सिंह भारत के रक्षा मंत्री के रूप में देश सेवा कर रहे हैं।
राजनाथ सिंह का राजनीतिक जीवन
राजनाथ सिंह 13 साल की उम्र में आरएसएस से जुड़ गए थे। 1969 और 1971 के बीच वह गोरखपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (आरएसएस के छात्र संगठन) के संगठनात्मक सचिव थे। वह 1972 में आरएसएस की मिर्जापुर शाखा के महासचिव बने। 1975 में, 24 वर्ष की आयु में, सिंह को जनसंघ का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। 1977 में, वह मिर्जापुर से विधान सभा के सदस्य चुने गए।
उस समय वह जयप्रकाश नारायण के जेपी आंदोलन से प्रभावित थे और जनता पार्टी में शामिल हो गए थे और मिर्जापुर से विधान सभा के सदस्य के रूप में चुने गए थे। उन्हें वर्ष 1975 में जेपी मूवमेंट के साथ जुड़ने के लिए राष्ट्रीय आपातकाल की स्थिति में भी गिरफ्तार किया गया था और उन्हें 2 साल की अवधि के लिए हिरासत में लिया गया था और जब उन्हें रिहा किया गया था, तब उन्हें विधान सभा के सदस्य के रूप में फिर से चुना गया था।
राजनाथ सिंह वर्ष 1980 में भाजपा में शामिल हुए। वह 1984 में भाजपा युवा विंग के राज्य अध्यक्ष, 1986 में राष्ट्रीय महासचिव और 2005 में राष्ट्रीय अध्यक्ष बने। उन्हें उत्तर प्रदेश विधान परिषद में भी चुना गया था। जब भाजपा ने उत्तर प्रदेश में पहली बार अपनी सरकार बनाई तो उन्हें शिक्षा मंत्री नियुक्त किया गया। सिंह को अप्रैल 1994 में राज्यसभा सदस्य चुना गया।
वर्ष 2000 में राजनाथ सिंह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। 2001 और 2002 में हैदरगढ़ से दो बार विधायक चुने गए। आपको बता दें कि राजनाथ सिंह को दो बार भाजपा अध्यक्ष चुना जा चुका है। मई 2009 में, वह उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से सांसद चुने गए।
नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नवगठित सरकार में 26 मई, 2014 को राजनाथ सिंह ने भारत के केंद्रीय गृहमंत्री के रूप में शपथ ली। वे 2019 तक केंद्रीय गृहमंत्री रहे। राजनाथ सिंह 30 मई 2019 को भारत के रक्षा मंत्री के रूप में शपथ ली और 1 जून 2019 को श्री सिंह ने रक्षा मंत्री का कार्यभार संभाला।