Rajasthanराज्य

राजस्थान यूनिवर्सिटी में AI से बना प्रश्नपत्र? सवालों की जगह छपे मिले जवाब

Rajasthan News : राजस्थान यूनिवर्सिटी में परीक्षा व्यवस्था को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यूनिवर्सिटी के पीजी स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज में मंगलवार को समाजशास्त्र (Sociology) सेकंड सेमेस्टर की परीक्षा उस समय रद्द कर दी गई, जब छात्रों को मिला प्रश्नपत्र सामान्य परीक्षा से अलग निकला.

छात्रों के मुताबिक, समाजशास्त्र के ‘इंडियन सोसाइटी’ विषय की परीक्षा के लिए बांटे गए पेपर में सवालों की जगह लंबे-लंबे जवाब और थ्योरी लिखी हुई थी. छात्रों ने आरोप लगाया कि यह प्रश्नपत्र आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से तैयार किया गया था और इसमें प्रश्नों के बजाय पहले से ही सामग्री मौजूद थी.

छात्रों ने पकड़ी प्रश्नपत्र में खामी

जानकारी के अनुसार, परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होनी थी. छात्र परीक्षा हॉल में बैठ चुके थे, लेकिन जैसे ही प्रश्नपत्र मिला, उन्हें उसमें गड़बड़ी नजर आई. छात्रों ने देखा कि पेपर में न तो सामान्य प्रश्न थे और न ही कोई MCQ विकल्प, बल्कि केवल पैराग्राफ और सैद्धांतिक सामग्री दी गई थी.

इस मामले की जानकारी मिलते ही परीक्षा कक्ष में मौजूद अधिकारियों ने सभी प्रश्नपत्र वापस ले लिए और परीक्षा को रद्द कर दिया. एक छात्र ने बताया कि छात्रों से पेपर वापस लेकर उन्हें इस बारे में किसी से चर्चा न करने की सलाह दी गई. साथ ही बताया गया कि अब यह परीक्षा 27 जून को दोबारा कराई जाएगी.

यूनिवर्सिटी ने शुरू की जांच

इस घटना के बाद कुछ छात्रों ने यूनिवर्सिटी प्रशासन के सामने पहुंचकर कड़ी नाराजगी जताई और मामले में जवाब मांगा. वहीं एनएसयूआई पदाधिकारी मनीष मेघवंशी ने कहा कि छात्र लिखना शुरू करते उससे पहले ही उन्हें प्रश्नपत्र में खामियां दिखाई दे गईं, जिसके बाद प्रशासन ने परीक्षा रोक दी.

मनीष मेघवंशी ने इस मामले पर चिंता जताते हुए कहा कि अगर परीक्षा के गोपनीय प्रश्नपत्रों में ऐसी लापरवाही होती है तो यह गंभीर विषय है. फिलहाल यूनिवर्सिटी ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

ये भी पढ़ें- “साडे बुजुर्ग साडा माण”- बुजुर्गों के सम्मान और सुरक्षा के लिए पंजाब सरकार की पहल, वृद्धाश्रमों के लिए 4.10 करोड़ रुपए जारी- डॉ. बलजीत कौर

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button