Rajasthanराष्ट्रीय

राजस्थान में SIR प्रक्रिया पूरी, 5.15 करोड़ मतदाता, 31 लाख लोगों के नाम कटे, अंतिम सूची जारी

Rajasthan SIR : राजस्थान के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राज्य के 199 विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के परिणामों की जानकारी दी है। इस पुनरीक्षण के दौरान, मतदाता सूची में सुधार किए गए। यह प्रक्रिया 27 अक्टूबर 2025 से 21 फरवरी 2026 तक चली। राज्य के मतदाताओं, चुनाव कार्य से जुड़े अधिकारियों, राजनीतिक दलों और अन्य संबंधित लोगों को इस प्रक्रिया के सफल समापन पर बधाई दी गई है।

21 फरवरी 2026 को प्रकाशित अंतिम सूची में कुल 5,15,19,929 मतदाता दर्ज हुए। पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान कुल 31 लाख 36 हजार 286 नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। निर्वाचन विभाग के मुताबिक, यह कार्रवाई उन मतदाताओं के नामों को हटाने के लिए की गई है, जो मृत, स्थानांतरित या अपात्र पाए गए थे।

अंतिम सूची में कुल मतदाता

राजस्थान में 27 अक्टूबर 2025 को कुल 5,46,56,215 मतदाता दर्ज थे। गहन जांच के दौरान 41,84,891 मतदाता ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं हुए। 16 दिसंबर 2025 को जारी ड्राफ्ट सूची में 5,04,71,324 मतदाता थे। इसके बाद 12,91,365 नए मतदाता जोड़े गए और 2,42,760 नाम हटाए गए।

लिंगानुपात में हुआ सुधार

अंतिम सूची में 2,69,57,881 पुरुष, 2,45,61,486 महिला और 562 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। लिंगानुपात में सुधार हुआ है, जो ड्राफ्ट सूची में 909 था, जो बढ़कर 911 हो गया है। जयपुर जिले में लिंगानुपात में 7 अंक की वृद्धि हुई, जबकि कोटा में 6 अंक की वृद्धि हुई है।

जयपुर जिले में सबसे अधिक वृद्धि

सबसे ज्यादा वृद्धि जयपुर जिले में 3.45 प्रतिशत रही। इसके बाद फलोदी (3.22%), भरतपुर (2.78%), सिरोही (2.72%) और बूंदी (2.71%) जिले में वृद्धि हुई। युवा मतदाताओं की संख्या में भी इजाफा हुआ है। 18-19 वर्ष आयु वर्ग के मतदाता 4,35,061 बढ़े, जो कुल 0.82 प्रतिशत की वृद्धि है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी से अपील…

इस प्रक्रिया में 41 जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों, निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, बूथ स्तर अधिकारियों और राजनीतिक दलों के साथ मिलकर महत्वपूर्ण काम किया गया। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटाने या सुधार के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया जारी रहती है, और किसी भी आपत्ति के लिए जिला मजिस्ट्रेट या मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पास अपील की जा सकती है।

विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सही, अद्यतन और पारदर्शी बनाना था, ताकि आगामी चुनावों में निष्पक्ष और आसान मतदान हो सके।

ये भी पढ़ें- बारामूला के बाद गांदरबल में मिला IED, सुरक्षाबलों ने नाकाम की आतंकी साजिश, दिल्ली ऑन हाई अलर्ट

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button