Rajasthan: 1 करोड़ बीमा राशि के लिए शख्स ने खुद को मरा बताया, बनवाया फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र

नई दिल्ली: राजस्थान के अल्वर से एक बेहद ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, यहां के मनुमार्ग निवासी 56 वर्षीय नीरज शर्मा नाम के एक शख्स ने एक करोड़ रूपए बीमा राशि लेने के लालच में पहले अपना फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाया फिर अपने आप को दो बार मरा हुआ भी बताया। खुद को मरा हुआ साबित करने के लिए वह घर में दो साल तक कैद रहा। घर से बिल्कुल बाहर नहीं निकला। और तो और इस फर्जीवाड़े में उसकी पत्नी ने भी उसका साथ दिया। अगर कोई उसकी पत्नी से उसके पति के बारे में पूछता तो वह कहती की उनका कोरोना में निधन हो गया है और अब वह इस दुनिया में नहीं है।
कोरोनी की दूसरी लहर का फायदा उठाया
हम सबको पता है कि कोरोना की दूसरी लहर में कितना हाहाकार मचा था। महामहारी की दूसरी लहर में जब मौतों का आंकड़ा ज्यादा बढ़ने लगा तो इसका फायदा उठाने के लिए नीरज ने खुद का मृत्यु प्रमाण-पत्र बनवा लिया। अलवर नगर परिषद में उन दिनों मृत्यु प्रमाण-पत्र बनवाने वालों की भीड़ थी। नीरज ने दो बार अपना मृत्यु प्रमाण-पत्र बनवा लिया। हालांकि, वह दूसरी बार फर्जीवाड़ा करते समय पकड़ा गया। पकड़े जाने पर उसने पुलिस को बताया कि एक करोड़ रुपये लेने के चक्कर में फर्जी मृत्यु प्रमाण-पत्र बनवा रहा था।