Bihar

निशांत कुमार को माला पहनाते ही बड़ा कांड, JDU नेता के गले से 7 लाख की सोने की चेन ले उड़े चोर

Bihar News : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के स्वागत के दौरान एक जदयू नेता के साथ चेन झपटने की घटना सामने आई है. कुढ़नी प्रखंड के सकरी चौक पर मंत्री के स्वागत के लिए समर्थकों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुटी थी. इसी भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात चोर ने जदयू नेता राजेश मंडल के गले से सोने की चेन उड़ा ली. चेन की कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई जा रही है.

लदौरा निवासी जदयू कार्यकर्ता राजेश मंडल अपने समर्थकों के साथ सकरी मोड़ पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के स्वागत के लिए पहुंचे थे. बताया गया कि कार्यक्रम के दौरान करीब 100 से 150 लोग वहां मौजूद थे. इसी दौरान भीड़ में शामिल किसी शातिर ने मौका देखकर राजेश मंडल के गले से उनकी सोने की चेन झपट ली. कुछ देर बाद जब नेता को चेन गायब होने का एहसास हुआ तो वह परेशान हो गए, उन्होंने आसपास काफी देर तक तलाश की, लेकिन चेन का कोई सुराग नहीं मिला.

34 ग्राम की थी सोने की चेन

राजेश मंडल के मुताबिक, चोरी हुई चेन का वजन करीब 34 ग्राम था और बाजार में उसकी कीमत लगभग 7 लाख रुपये है, उन्होंने बताया कि कुछ संदिग्ध लड़के कार्यक्रम के दौरान लगातार उनके पीछे-पीछे घूम रहे थे. इसी वजह से उन्हें आशंका है कि भीड़ में सक्रिय किसी गिरोह के सदस्य ने मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया.

थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत

घटना के बाद राजेश मंडल तुरंत स्थानीय थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी जानकारी दी, उन्होंने लिखित शिकायत देकर चोरी गई चेन बरामद करने और वारदात में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की.

शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस संदिग्ध लड़कों की पहचान करने की कोशिश कर रही है. दरोगा ने पीड़ित को उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है. अब पुलिस की जांच इस बात पर टिकी है कि भीड़ के बीच चेन झपटने वाला कौन था और चोरी की गई सोने की चेन कहां गई.

ये भी पढ़ें- जन्माष्टमी पर कान्हा जी को लगाएं खास पंचामृत का भोग, जानें बनाने की आसान विधि

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button