Maharashtra News : महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के कमिश्नर तुकाराम मुंढे के कार्यभार संभालने के बाद दवा माफियाओं और नियमों का उल्लंघन करने वाले दवा विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है. जून से अगस्त 2026 के बीच FDA ने राज्यभर में कार्रवाई करते हुए करीब 11.41 करोड़ रुपये की अवैध और नकली दवाएं तथा कॉस्मेटिक्स जब्त किए हैं.
FDA ने इन तीन महीनों के दौरान दवा बनाने वाली कंपनियों और दवाओं की बिक्री करने वाले प्रतिष्ठानों के कुल 2,902 ठिकानों की जांच की. इनमें 607 उत्पादन प्रतिष्ठानों और 2,295 बिक्री प्रतिष्ठानों की जांच शामिल है.
जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 880 लाइसेंसधारकों के खिलाफ नियामक कार्रवाई की गई. इनमें उत्पादन प्रतिष्ठानों के 140 और बिक्री प्रतिष्ठानों के 740 लाइसेंसधारक शामिल हैं.
104 तलाशी और जब्ती की कार्रवाई
FDA ने जून से अगस्त के बीच 104 सर्च एंड सीजर यानी तलाशी और जब्ती की कार्रवाई भी की. इस दौरान करीब 11.41 करोड़ रुपये मूल्य की अवैध दवाओं और कॉस्मेटिक्स का स्टॉक जब्त किया गया. कार्रवाई के दौरान 20 FIR दर्ज हुईं, जबकि 21 लोगों को गिरफ्तार किया गया.
जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं. FDA के मुताबिक कुछ दुकानें बिना पंजीकरण के ही दवाओं की बिक्री कर रही थीं. वहीं, इंसुलिन और जरूरी वैक्सीन जैसी जीवन रक्षक दवाओं के लिए आवश्यक तापमान बनाए रखने के नियमों का भी पालन नहीं किया जा रहा था. इससे इन दवाओं के खराब होने का खतरा था. जांच के दौरान दवाओं की बिक्री और स्टॉक से जुड़े रजिस्टरों में भी गड़बड़ी सामने आई.
दवाओं की गुणवत्ता और सुरक्षा प्राथमिकता
आपको बता दें कि महाराष्ट्र FDA की ओर से राज्यभर में दवा उत्पादन और बिक्री प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जाती है. इन जांचों में दवाओं की गुणवत्ता, उत्पादन प्रक्रिया, भंडारण और बिक्री से जुड़े नियमों के पालन की पड़ताल होती है.
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दवाओं की गुणवत्ता और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसी उद्देश्य से जांच और नियामक कार्रवाई को अधिक प्रभावी तरीके से लागू किया जा रहा है. प्रशासन के अनुसार, ये सभी जांच और कार्रवाई जून से अगस्त 2026 के महज तीन महीनों में की गई हैं और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
ये भी पढ़ें- 11 हजार छात्रों को बड़ा तोहफा, UPSC, SSC, Banking समेत इन प्रतियोगी परीक्षाओं की फ्री तैयारी कराएगी सरकार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









