Other Statesबड़ी ख़बरराजनीति

राहुल नार्वेकर महाराष्ट्र में निर्विरोध विधानसभा के स्पीकर चुने गए

Maharashtra Assembly Speaker Election: महाराष्ट्र में बीजेपी विधायक राहुल नार्वेकर को एक बार फिर विधानसभा अध्यक्ष चुना गया है। विपक्ष ने उम्मीदवार नहीं उतारा, जिससे उनका निर्वाचन निर्विरोध हुआ। राहुल नार्वेकर पहली बार 3 जुलाई 2022 को विधानसभा अध्यक्ष बने थे। महाराष्ट्र चुनावों में महायुति की प्रचंड जीत के बाद उनका दोबारा चयन पहले से तय माना जा रहा था। वे दूसरी बार मुंबई की कोलाबा सीट से विधायक चुने गए हैं।

राहुल नार्वेकर देश के सबसे कम उम्र के दूसरे विधानसभा अध्यक्ष (44 वर्ष) हैं। राजनीति में उनका सफर शिवसेना की यूथ विंग से शुरू हुआ। बाद में वे एनसीपी में गए और फिर बीजेपी में शामिल हुए। नार्वेकर एनसीपी नेता रामराजे निंबालकर के दामाद हैं।

अध्यक्ष चुने जाने के बाद अब डिप्टी स्पीकर पद पर ध्यान केंद्रित है, जो पिछली बार एनसीपी को मिला था। देखना होगा कि बीजेपी इसे महायुति के किस घटक दल को देती है।

महत्वपूर्ण मामलों में निर्णायक वोट

विधानसभा अध्यक्ष का कार्यकाल पांच साल का होता है। अध्यक्ष के पास सदन संचालन और अनुशासन बनाए रखने की जिम्मेदारी होती है। वे केवल महत्वपूर्ण मामलों में निर्णायक वोट देते हैं। स्पीकर को सदस्यों को निलंबित करने, निष्कासित करने और सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने की शक्तियां होती हैं। उनका वेतन और भत्ते विधानसभा द्वारा तय किए जाते हैं।

महाराष्ट्र में विधायकों को 2.32 लाख रुपये मासिक वेतन मिलता है, जो आयकर-मुक्त होता है। स्पीकर को अतिरिक्त सुविधाएं मिलती हैं, जैसे बड़ा बंगला, अधिक भत्ते, और कैबिनेट मंत्री के बराबर प्रोटोकॉल। संवैधानिक पद होने के कारण नार्वेकर राजनीतिक कार्यक्रमों में हिस्सा नहीं ले सकते। उन्हें विदेश यात्राओं की अनुमति भी ज्यादा मिलेगी।

यह भी पढ़ें : लोकसभा की कार्यवाही आज भी बाधित, संसद परिसर में कांग्रेस ने अडाणी मामले पर किया प्रदर्शन

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button