महाशिवरात्रि पर पीएम मोदी, सीएम योगी समेत कई नेताओं और मंत्रियों ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं

Maha Shivratri 2025 : महाशिवरात्रि पर पीएम मोदी, सीएम योगी समेत कई नेताओं और मंत्रियों ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं
Maha Shivratri 2025 : आज (26 फरवरी) महाशिवरात्रि का पर्व पूरे देश में धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस दिन का महत्व धार्मिक दृष्टि से बहुत अधिक है और यह भगवान शिव की पूजा का दिन होता है। देश के विभिन्न हिस्सों में महाशिवरात्रि के अवसर पर विशेष पूजा और अर्चना की जा रही है। बता दें कि महाशिवरात्रि का शाब्दिक अर्थ ‘शिव की महान रात’ है। महाशिवरात्रि के दिन भगवान शिव की पूजा का विशेष महत्व होता है। इस दिन लोग उपवास करते हैं। मान्यता है कि इस दिन भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
वहीं आज महाशिवरात्रि के अवसर पर राजनीतिक हस्तियों ने भी मंदिरों में पूजा-अर्चना की और अपने विचार व्यक्त किए। कुछ प्रमुख नेताओं ने महाशिवरात्रि के अवसर पर अपने संदेश दिए और देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
पीएम मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस पर्व पर अपने एक्स हैंडल पर लिखा, सभी देशवासियों को भगवान भोलेनाथ को समर्पित पावन-पर्व महाशिवरात्रि की असीम शुभकामनाएं। यह दिव्य अवसर आप सभी के लिए सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए, साथ ही विकसित भारत के संकल्प को सुदृढ़ करे, यही कामना है। हर-हर महादेव!
अमित शाह ने की देशवासियों के कल्याण की कामना
गृह मंत्री अमित शाह ने इस पर्व पर ट्विट कर लिखा, हर हर महादेव! महाशिवरात्रि के पावन पर्व की समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। शिव और शक्ति के मिलन का यह पर्व अध्यात्म, आत्मचिंतन और आस्था का महापर्व है। देवाधिदेव महादेव से सभी के कल्याण की कामना करता हूं।
सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर में की पूजा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शिवरात्रि के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में पूजा अर्चना की। साथ ही उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, पशूनां पतिं पापनाशं परेशं गजेन्द्रस्य कृत्तिं वसानं वरेण्यम्। जटाजूटमध्ये स्फुरद्गाङ्गवारिं महादेवमेकं स्मरामि स्मरारिम्।। देवाधिदेव महादेव की उपासना के पावन महापर्व महाशिवरात्रि के पुण्य अवसर पर आज गोरखनाथ मंदिर में विधि-विधान से रुद्राभिषेक कर सभी जीवों के कल्याण हेतु प्रार्थना की। हर हर महादेव!
सीएम रेखा गुप्ता ने गौरी शंकर मंदिर में की पूजा
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महाशिवरात्रि के अवसर पर गौरी शंकर मंदिर में पूजा-अर्चना की। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “मेरी ओर से समस्त देशवासियों को शिवरात्रि के इस महापर्व की ढ़ेर सारी शुभकामनाएं। देश प्रगति करे, दिल्ली प्रगति करे प्रभु की कृपा बनी रहे।”
डिंपल यादव ने जनता को शुभकामनाएं दीं
वहीं महाशिवरात्रि पर्व पर समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा, ॐ नमः शिवाय!! “महाशिवरात्रि” के पावन अवसर पर सभी को हार्दिक बधाई व शुभकामनायें।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने महाशिवरात्रि के इस खास पर्व पर सोशल मीडिया पर लिखा, काल भी तुम और महाकाल भी तुम, लोक भी तुम और त्रिलोक भी तुम, शिव भी तुम और सत्य भी तुम! महाशिवरात्रि की सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।
आज एक अद्भुत ऊर्जा और शांति का अनुभव हुआ- बांसुरी स्वराज
भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा, “आप सभी को महाशिवरात्रि के पावन पर्व की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। एक अद्भुत ऊर्जा और शांति का अनुभव हुआ है। मां पार्वती और भगवान शिव के मिलन का यह महापर्व प्रकृति में संतुलन का दिन है।”
सीएम मोहन यादव ने श्री महाकालेश्वर मंदिर में पूजा की
महाशिवरात्रि पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। जहां उन्होंने पूजा-अर्चना इस दौरान उन्होंने कहा, “बाबा महाकाल की कृपा सब पर बनी रहे। आज विक्रम महोत्सव का प्रारंभ हो रहा है। दोनों पर्वों की कृपा बरस रही है। मेरी सरकार की ओर से प्रदेशवासियों को बधाई।”
मनोहर लाल खट्टर ने जनता को शुभकामनाएं दीं
हरियाणा सरकार में मंत्री मनोहर लाल खट्टर ट्विट करते हुए लिखा, ‘महाशिवरात्रि’ की आप सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! भगवान भोलेनाथ और मां पार्वती की असीम कृपा से समस्त जगत का कल्याण हो, यही प्रार्थना है। हर हर महादेव
राहुल गांधी ने भी महाशिवरात्रि पर मंदिर में पूजा की
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी महाशिवरात्रि पर मंदिर में पूजा की। इस दौरान उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, सभी को महाशिवरात्रि के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं! शिवशक्ति की कृपा आप सब पर हमेशा बनी रहे। हर हर महादेव।
मोहन भागवत ने महाशिवरात्रि पर्व पर लोगों को शुभकामनाएं दीं
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने महाशिवरात्रि पर्व पर लोगों को शुभकामनाएं दीं और एक्स हैंडल पर लिखा, शिव शब्द, शिव अर्थ,शिव ही परमार्थ हैं, शिव कर्म, शिव भाग्य,शिव ही विज्ञान हैं। ट्विटर पर उपस्थित महादेव के सभी भक्त अधिक से अधिक कमेंट में “हर हर महादेव” लिखकर उपस्थिति दर्ज कराएं। हर हर महादेव।
यह भी पढ़ें : देश में धूमधाम से मनाया जा रहा महाशिवरात्रि का पर्व, मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप