Dating Scam : कोलकाता में एक युवक के लिए डेटिंग ऐप पर शुरू हुई बातचीत एक महंगे अनुभव में बदल गई. रानीकुठी इलाके में रहने वाले इस युवक की मुलाकात बुम्बल के जरिए एक युवती से हुई, जिसने उसे एक खास “कपल कैफे” में मिलने के लिए बुलाया. युवक उत्साह के साथ तय समय पर पहुंचा, लेकिन यह मुलाकात उसके लिए झटका साबित हुई.
शुरुआत में माहौल काफी अच्छा रहा. दोनों ने आराम से बैठकर बातें कीं, कॉफी पी और एक हुक्का भी ऑर्डर किया. सब कुछ सामान्य और सुखद लग रहा था, जिससे युवक को लगा कि यह मुलाकात किसी अच्छे रिश्ते की शुरुआत हो सकती है.
बिल आया और पलट गया पूरा खेल
लेकिन जैसे ही बिल टेबल पर आया, मामला पलट गया. मामूली ऑर्डर के बावजूद बिल 8500 रुपये का था. युवक ने जब इस पर आपत्ति जताई, तो कैफे का स्टाफ उस पर तुरंत भुगतान करने का दबाव बनाने लगा. इसी बीच, उसके साथ आई युवती अचानक वहां से उठकर चली गई.
युवक को जल्द ही एहसास हो गया कि वह एक सुनियोजित जाल में फंस गया है. बाद में उसने देखा कि बिल में कई ऐसी चीजें भी जोड़ी गई थीं, जिन्हें उसने मंगाया ही नहीं था. दबाव में आकर उसे पूरी रकम चुकानी पड़ी.
कैफे और लड़की की मिलीभगत पर उठे सवाल
यह घटना अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है. वहीं, कई लोग इसे ठगी का नया तरीका बता रहे हैं, जहां डेटिंग ऐप के जरिए लोगों को फंसाकर कैफे में बुलाया जाता है और फिर बढ़ा-चढ़ाकर बिल वसूला जाता ह. कुछ यूजर्स ने इसमें कैफे और लड़की की मिलीभगत की आशंका भी जताई है.
यह मामला इस बात की चेतावनी देता है कि ऑनलाइन जान-पहचान के दौरान सतर्क रहना बेहद जरूरी है, खासकर जब पहली मुलाकात किसी अनजान जगह पर हो.
ये भी पढ़ें- गिरिडीह में दर्दनाक सड़क हादसा, शादी के एक महीने बाद युवक की मौत से मातम
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









