
Karnataka Politics : कर्नाटक की राजनीति में आज बड़ा बदलाव होने जा रहा है। आज बेंगलूरु में डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर राज्य की राजनीति में बदलाव को अंतिम रूप देंगे। इसके साथ ही शुरुआती चरण में लगभग 13 मंत्रियों के भी शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। बाद में कैबिनेट का विस्तार किया जाएगा।
हाईकमान के स्तर पर हुई अहम बैठकें
सूत्रों के अनुसार, नई सरकार की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए दिल्ली में कांग्रेस नेतृत्व की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्यमंत्री पद के लिए नामित डीके शिवकुमार और मौजूदा मुख्यमंत्री सिद्धारमैया भी मौजूद रहे। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सुरजेवाला के साथ विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान नई कैबिनेट के गठन, क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और सामाजिक समीकरणों को संतुलित करने जैसे मुद्दों पर विशेष फोकस रहा। पार्टी का उद्देश्य एक ऐसी टीम तैयार करना है जो राज्य में स्थिर और प्रभावी शासन दे सके।
संभावित मंत्रियों की सूची और समीकरण
पहले चरण की कैबिनेट में कई प्रमुख नेताओं को शामिल किए जाने की चर्चा है। जी परमेश्वर के उपमुख्यमंत्री बनने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा यतींद्र, केएच मुनियप्पा, यूटी खादर, केजे जॉर्ज, कृष्णा बायरे गौड़ा, एमबी पाटिल, प्रियांक खड़गे, सतीश जारकीहोली, रामलिंगा रेड्डी, दिनेश गुंडू राव, बायराथी सुरेश और ईश्वर खंड्रे जैसे नेताओं के नाम भी लगभग तय माने जा रहे हैं।
डीके शिवकुमार का बयान और प्राथमिकताएं
मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने की तैयारी कर रहे डीके शिवकुमार ने कहा है कि जनता ने उन पर जो भरोसा जताया है, वह उसके लिए आभारी हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि आगे का सफर चुनौतीपूर्ण होगा, लेकिन वह पूरी ईमानदारी और मेहनत के साथ काम करेंगे।
उन्होंने कर्नाटक की वैश्विक पहचान को मजबूत करने पर जोर दिया और कहा कि उनकी प्राथमिकता सुशासन, विकास, बुनियादी ढांचे का विस्तार, निवेश को बढ़ावा देना, स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करना, युवाओं को सशक्त बनाना और समावेशी विकास मॉडल को आगे ले जाना होगा।
ये भी पढ़ें – आज का राशिफल: कई राशियों के लिए शुभ संकेत, करियर और धन लाभ के बन रहे योग
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









