Punjab Investor Summit : प्लाक्षा यूनिवर्सिटी में आज प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्मेलन के पहले दिन आयोजित एक कंट्री सेशन में जापान आधारित औद्योगिक प्रमुखो ने पंजाब को व्यापार के लिए बेहतरीन राज्य बताया। उन्होंने कहा कि राज्य में निवेश के लिए माहौल बेहद अनुकूल है। उन्होंने कहा कि पंजाब का प्रगतिशील औद्योगिक दृष्टिकोण और सुव्यवस्थित प्रशासनिक ढांचा जापानी कंपनियों को विस्तार और विकास के लिए प्रोत्साहित कर रहा है।
जापान भारत का एक भरोसेमंद विकास साझेदार
इस अवसर पर रोजगार सृजन, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण मंत्री तथा आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब उभरते क्षेत्रों जैसे कि इंटीग्रेटेड ईवी और ऑटोमोटिव मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम, कृषि मशीनीकरण और स्मार्ट कृषि तकनीक जैसे क्षेत्रों में समाधान विकसित करने के लिए जापानी साझेदारी को और मजबूत करने का इच्छुक है। उन्होंने कहा कि जापान भारत का एक भरोसेमंद विकास साझेदार रहा है और जापानी कंपनियों ने बुनियादी ढांचे, अत्याधुनिक निर्माण और मोबिलिटी क्षेत्रों में आधुनिक औद्योगिक क्षमताओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
भारत-जापान औद्योगिक सहयोग की मजबूती
राज्य में औद्योगिक गतिविधियों में तेजी का उल्लेख करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब के पास मजबूत निर्माण आधार, अत्यधिक कुशल कर्मचारी और उत्तरी भारत के प्रमुख बाजारों से रणनीतिक संपर्क है, जो इसे वैश्विक स्तर के भागीदारों के लिए आकर्षण का केंद्र बनाता है। उन्होंने कहा कि कृषि मशीनरी, ऑटोमोटिव सामग्री और औद्योगिक कोटिंग्स जैसे क्षेत्रों में जापानी कंपनियों की सफल उपस्थिति भारत-जापान औद्योगिक सहयोग की मजबूती को दर्शाती है।
पंजाब की औद्योगिक ताकत और जापान की तकनीक
टिकाऊ विकास पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बायोमास के उपयोग, नवीकरणीय ऊर्जा और सर्कुलर अर्थव्यवस्था के तहत विभिन्न पहलों को प्रोत्साहित कर रही है। इसके साथ ही लगातार सुधारों और उच्च गुणवत्ता प्रबंधन के माध्यम से कौशल विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि पंजाब की औद्योगिक ताकत और जापान की तकनीकी विशेषज्ञता का मेल दीर्घकालिक निर्माण और नवीनता आधारित साझेदारी को मजबूत करेगा, जिससे टिकाऊ विकास, वैश्विक प्रतिस्पर्धा और साझा समृद्धि को बढ़ावा मिलेगा।
5 से 18 दिनों के भीतर प्रारंभिक स्वीकृति
उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के प्रशासनिक सचिव गुरकीरत कृपाल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पंजाब ने हाल ही में एक महत्वपूर्ण औद्योगिक नीति जारी की है, जिसमें 24 प्राथमिकता वाले क्षेत्रों की पहचान कर उन्हें बढ़ावा देने के लिए प्रमुख उद्योगपतियों की अगुवाई में कमेटिया गठित की गई हैं।
उन्होंने बताया कि इन कमेटीयों और औद्योगिक पक्षों द्वारा दी गई 77 प्रतिशत से अधिक सिफारिशों को राज्य सरकार ने मंजूरी दे दी है। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार ने राइट टू बिजनेस एक्ट लागू किया है, जिसके तहत औद्योगिक प्रस्तावों को 5 से 18 दिनों के भीतर प्रारंभिक स्वीकृति दी जाती है और 45 दिनों की अवधि पूरी होने पर डीम्ड अप्रूवल सर्टिफिकेशन का प्रावधान है।
पंजाब में 300 से 400 करोड़ रुपये का निवेश
जापानी दूतावास के मंत्री यामाजाकी फुमियो ने अपने संबोधन में कहा कि भारत और जापान दो बड़े लोकतांत्रिक देशों के रूप में विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत कर रहे हैं। तोपान स्पेशियलिटी फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमित जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने जापान में उनके मुख्यालय का दौरा किया था और कंपनी निकट भविष्य में पंजाब में 300 से 400 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बना रही है।
कारोबार बढ़ाने के लिए किया प्रेरित
यानमार एग्रीकल्चरल मशीनरी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के वाइस प्रेसिडेंट (ऑपरेशंस) सुमित कपलीश ने कहा कि पंजाब के साथ कंपनी का मजबूत संबंध है, क्योंकि यहां कौशल, कारीगरी की समृद्ध परंपरा और अनुकूल औद्योगिक माहौल मौजूद है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक और प्रोत्साहन देने वाली कारोबारी संस्कृति, उद्योग समर्थक नीतियां, बिजली आपूर्ति और उत्कृष्ट सड़क संपर्क ने कंपनी को अपना कारोबार बढ़ाने के लिए प्रेरित किया है।
जापानी कंपनियों की बढ़ती रुचि
जापान एक्सटर्नल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन के प्रतिनिधि ताकू हीरोकी ने कहा कि दोनों देश आर्थिक सुरक्षा और आधुनिक तकनीकों के क्षेत्र में निकटता से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रगतिशील पंजाब सम्मेलन राज्य की उद्योग-अनुकूल नीतियों के कारण जापानी कंपनियों की बढ़ती रुचि को और प्रोत्साहित करेगा।
ये भी पढ़ें- Sonam Wangchuk : सोनम वांगचुक जल्द होंगे रिहा, लद्दाख में शांति बनाए रखने का सरकार का प्रयास
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









