Iran-US Peace Talk : अमेरिका- ईरान के बीच जारी तनाव के बीच कूटनीतिक कोशिशें तेज हो गई हैं. इसी सिलसिले में अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे डी वैंस ने मध्यस्थता के लिए पाकिस्तान रवाना हुए हैं. उनकी यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब दोनों देशों के बीच लागू अस्थायी युद्धविराम बेहद नाजुक स्थिति में पहुंच चुका है.
रवाना होने से पहले वैंस ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि अगर ईरान ईमानदारी से बातचीत करना चाहता है तो अमेरिका तैयार है, लेकिन किसी तरह की चालबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, उन्होंने संकेत दिया कि अमेरिका इस बार सख्त रुख अपनाने के मूड में है.
ट्रंप ने वैंस को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वैंस को इस अहम जिम्मेदारी के साथ भेजा है कि वे तनाव को कम करने का रास्ता तलाशें. बता दें कि, हाल के दिनों में ट्रंप के सख्त बयानों ने हालात को और संवेदनशील बना दिया है, जिससे कूटनीतिक समाधान की जरूरत और बढ़ गई है.
ईरानी नेताओं की पहले से मौजूदगी
इस बातचीत के लिए पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद को मंच बनाया गया है. यहां पहले से ही ईरान के वरिष्ठ नेता और अधिकारी पहुंच चुके हैं. ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बगेर कलीबाफ ने साफ कर दिया है कि वार्ता शुरू होने से पहले कुछ शर्तें पूरी होनी चाहिए, जिनमें क्षेत्रीय संघर्षों में राहत और आर्थिक प्रतिबंधों से जुड़े मुद्दे शामिल हैं.
ईरान की ओर से विदेश मंत्री अब्बास अराघची समेत कई अहम चेहरे इस वार्ता में भाग ले रहे हैं. वहीं पाकिस्तान सरकार भी इस प्रक्रिया को अहम मान रही है. प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इसे दोनों देशों के लिए एक निर्णायक अवसर बताया है.
दोनों पक्षों के बीच मतभेद बरकरार
वैंस के साथ अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल में स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर भी शामिल हैं, जो पहले भी ईरान से जुड़े मुद्दों पर बातचीत में भूमिका निभा चुके हैं. हालांकि, दोनों पक्षों की मांगों में बड़ा अंतर अब भी बना हुआ है, जिससे किसी ठोस नतीजे तक पहुंचना आसान नहीं माना जा रहा. फिर भी, यह वार्ता क्षेत्र में बढ़ते तनाव को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कोशिश के रूप में देखी जा रही है.
ये भी पढ़ें- मथुरा में दर्दनाक हादसा, यमुना नदी में नाव पलटी, 10 की मौत और कई लापता
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









