International Women’s Day : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हम आपको एक ऐसी जांबाज महिला पुलिस अधिकारी की कहानी बता रहे हैं, जिन्होंने मेहनत, लगन और साहस के दम पर सफलता की नई मिसाल कायम की है। जनपद गाजीपुर के सैदपुर कोतवाली में महिला रिपोर्टिंग चौकी प्रभारी के पद पर तैनात उपनिरीक्षक श्वेता द्विवेदी अपनी कर्तव्यनिष्ठा और कार्यशैली के कारण क्षेत्र में अलग पहचान बना चुकी हैं।
परीक्षा में टॉप कर दिया मेधा का परिचय
श्वेता द्विवेदी की शुरुआती शिक्षा गोरखपुर के नेहरू इंटर कॉलेज से हुई। उन्होंने वर्ष 2009 में हाईस्कूल और वर्ष 2011 में इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद दीनदयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय से वर्ष 2014 में बीएससी गणित में स्नातक की परीक्षा टॉप कर अपनी मेधा का परिचय दिया। तीन बहनों में सबसे छोटी श्वेता ने पढ़ाई के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी जारी रखी।
जयपुर एयरपोर्ट पर मिली पहली तैनाती
कड़ी मेहनत और लगन के चलते उन्होंने पहले ही प्रयास में सीजीएल और सीपीओ एसआई की परीक्षा में सफलता प्राप्त की, जिसके बाद वर्ष 2018 में उनका चयन सीआईएसएफ में सब इंस्पेक्टर के रूप में हुआ और पहली तैनाती जयपुर एयरपोर्ट पर मिली। इसके बाद भी उन्होंने अपने लक्ष्य को आगे बढ़ाते हुए तैयारी जारी रखी और वर्ष 2019 में पहले ही प्रयास में उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (UPSI) की परीक्षा भी उत्तीर्ण कर ली।
महिलाओं से जुड़े मामलों के समाधान में सक्रिय भूमिका
उत्तर प्रदेश पुलिस में चयन के बाद उनकी पहली पोस्टिंग गाजीपुर के सदर कोतवाली में हुई, जहां उन्हें महाराजगंज चौकी का प्रभारी बनाया गया। वहां कुछ वर्षों तक उत्कृष्ट सेवा देने के बाद उनका स्थानांतरण सैदपुर कोतवाली में महिला रिपोर्टिंग चौकी प्रभारी के रूप में हुआ, जहां वह पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ महिलाओं से जुड़े मामलों के समाधान में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
महिलाओं और युवतियों के लिए बनी प्रेरणा
कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए नवंबर 2025 में सैदपुर क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान उन्होंने 25 हजार रुपए के इनामिया और वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में भी अहम भूमिका निभाई। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर श्वेता द्विवेदी जैसी जांबाज महिला अधिकारी समाज की अन्य महिलाओं और युवतियों के लिए प्रेरणा बनकर उभर रही हैं।
ये भी पढ़ें- दिल्ली-लद्दाख समेत 7 अन्य राज्यों के बदले राज्यपाल, डिटेल में पढ़ें
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









