Azamgarh Road Accident : उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. फूलपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव के पास तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पलट गई. हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 5 बजे हुआ. कार पंजाब नंबर की थी और उसमें कुल नौ लोग सवार थे. सभी लोग गणेश चतुर्थी के मौके पर आयोजित राजभर पंडाल के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद फूलपुर से सरायमीर की ओर जा रहे थे.
इलाज के दौरान तीसरे ने तोड़ा दम
हादसे में सत्यम मोदीवाल (20) और निखिल गुप्ता (17) की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं गंभीर रूप से घायल लकी सोनकर (19) ने फूलपुर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
हादसे में घायल छह लोगों की पहचान अंश सोनकर, अनमोल मोदीवाल, किशन मोदीवाल, सक्षम बरनवाल, अनुराग पांडेय और शगुन उर्फ कौस्तुभ पांडेय के रूप में हुई है. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.
पुलिस ने शुरू किया राहत और बचाव कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही फूलपुर क्षेत्राधिकारी किरण पाल सिंह और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया. वहीं, मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. अधिकारियों के अनुसार, हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है. शुरुआती जांच में कार के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है.
ये भी पढ़ें- हिंदी दिवस पर अनुवादिनी फाउंडेशन में खास आयोजन, भाषा और संस्कृति के महत्व पर हुई चर्चा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









