यूरोप के कई देशों में हीट वेव से जनता बेहाल, पारा पहुंचा 40 पार

Share

रिकॉर्ड तोड़ गर्मी ने यूरोप के जंगलों को बेहद रुखा बना दिया है, कम से कम छह देशों में बड़े जंगल खाक हो चुके हैं। ब्रिटेन और यूरोप के तमाम देश हीट वेव (Heat wave) की चपेट में आना शुरू हो गए हैं। हवाई पट्टियां पिघल रहीं हैं, पावर प्लांट ठप हो रहे हैं क्योंकि नदियों का पानी बहुत गर्म हो रहा है, जंगलों में आग फैलती ही जा रही है। रिकॉर्ड उच्च तापमान और जंगल की आग के कारण सैकड़ों लोग मारे जा चुके हैं। यूरोप ही एकमात्र ऐसी जगह नहीं है जहां पर गर्मी बढ़ रही है। यूरोप के अलावा चीन, उत्तरी अफ्रीका से लेकर अमेरिका तक, लगभग पूरे उत्तरी गोलार्ध में इस महीने रिकॉर्ड गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है।

आम जनता हो रही है परेशान

वैश्विक तापमान में बढ़ने के साथ ही गर्मी की लहरें आम होती जा रही हैं। वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि यह अब काफी सामान्य हो सकता है। यानी ऐसी हीटवेव अब सामान्य रूप से आती रहेंगी। लोगों को इसके लिए पूरी तरह तैयार रहना चाहिए। स्पेन और पुर्तगाल में हाल के दिनों में गर्मी से 1,000 से अधिक मौतें हुई हैं। पुर्तगाल में तापमान 47 डिग्री पर पहुंच चुका है। राष्ट्रीय मौसम विज्ञान कार्यालय आईपीएमए द्वारा देश के अधिकांश हिस्सों को आग के उच्च खतरे में रखा गया है। नीदरलैंड, बेल्जियम, जर्मनी, इटली में भी यही हाल है जहां पारा 40 डिग्री को छू रहा है।