Gold Price : वैश्विक बाजारों में आई तेज गिरावट का असर भारतीय सर्राफा बाजार पर भी साफ दिखाई दे रहा है. सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन यानी बुधवार को घरेलू बाजार में सोना और चांदी दोनों की कीमतों में भारी कमजोरी दर्ज की गई. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी में आज 4,500 रुपये से अधिक की बड़ी गिरावट देखने को मिली, जबकि सोना भी करीब 2,500 रुपये तक टूटकर खुला.
बुधवार सुबह जैसे ही कमोडिटी बाजार खुला, सोना और चांदी दोनों ही दबाव में कारोबार करते नजर आए। MCX पर अगस्त डिलीवरी वाले सोने का भाव 2,517 रुपये (करीब 1.65%) की गिरावट के साथ 1,49,926 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला, जबकि पिछले सत्र में यह 1,52,443 रुपये पर बंद हुआ था. वहीं चांदी की बात करें तो जुलाई डिलीवरी कॉन्ट्रैक्ट में यह 4,519 रुपये (करीब 1.89%) की गिरावट के साथ 2,34,009 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुली, जो पिछले बंद भाव 2,38,528 रुपये से काफी नीचे है.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कमजोरी
अंतरराष्ट्रीय बाजार की स्थिति भी कमजोर बनी हुई है, जहां सोना करीब 11 सप्ताह के निचले स्तर पर पहुंच गया है. इसकी वजह अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव को बताया जा रहा है, जिससे कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है और वैश्विक महंगाई को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं. इसी कारण केंद्रीय बैंकों द्वारा ब्याज दरें लंबे समय तक ऊंची बनाए रखने की संभावना भी मजबूत हो गई है.
सोना 1.8% गिरा 4,187 डॉलर पर
वैश्विक बाजार में हाजिर सोना 1.8% गिरकर 4,187.59 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जो 23 मार्च के बाद का सबसे निचला स्तर है. वहीं अमेरिकी सोना वायदा 1.7% टूटकर 4,213.40 डॉलर पर आ गया. चांदी भी पीछे नहीं रही और हाजिर बाजार में 1.5% की गिरावट के साथ 64.43 डॉलर प्रति औंस पर आ गई. डॉलर में आई मजबूती के चलते अन्य मुद्राओं में सोना खरीदना महंगा पड़ रहा है, जिसका असर घरेलू बाजार में लगातार कीमतों की गिरावट के रूप में दिख रहा है.
ये भी पढ़ें – अंधविश्वास के चलते भीड़ का खूनी तांडव, पत्नी को ‘डायन’ बताने पर बचाने आए पति की हत्या
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








