विदिशा में बागेश्वर धाम सरकार की कथा में भयंकर भीड़

विदिशा में शुक्रवार को बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कथा का शुभारंभ किया। पंडाल में करीब 5 बजे पधारे पंडित शास्त्री ने हिंदुत्व की बात दोहराई और कहा विदिशा हमेशा से ही हिंदुत्व का ध्वज लहराता रहा है। कथा के पहले दिन ही 20 हजार की क्षमता वाले पंडाल में 60 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंच गए थे। वे पंडाल से बाहर खड़े रहकर ही कथा सुन रहे थे।
शाम 5 बजे के बाद आने वाले लोगों को पुलिस ने कथा स्थल पर जाने नहीं दिया। सड़कों पर धूप में इधर-उधर खड़े होकर लोगों ने कथा सुनीं। कथा स्थल से लौटते वक्त आधा दर्जन महिलाओं के जेवर गायब हो गए। वहीं पार्किंग से बाइक गायब हो गई।
पुलिस का कहना है कि महिलाएं जेवर पहनकर कथा स्थल पर आने से बचें। कथा स्थल पर सुनीता यादव का पर्स गुम गया। पर्स में करीब 1 लाख के जेवर थे। ये पर्स कार्तिक चौक निवासी सामाजिक कार्यकर्ता कुलदीप शर्मा और देव आचार्य को मिला। दोनों युवकों ने पुलिस को पर्स दिया।