Dinesh Sharma : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने डॉ. दिनेश शर्मा को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का उपराज्यपाल नियुक्त किया है. यह नियुक्ति उनके पदभार संभालने की तारीख से प्रभावी होगी. शनिवार देर रात जारी राष्ट्रपति भवन के बयान में कहा गया कि राष्ट्रपति ने डॉ. दिनेश शर्मा को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का उपराज्यपाल नियुक्त किया है.
62 वर्षीय दिनेश शर्मा इससे पहले उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं. उनका राज्यसभा कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त होने वाला था. अब उन्हें अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
लखनऊ विश्वविद्यालय में रहे प्रोफेसर
डॉ. दिनेश शर्मा लखनऊ विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग में प्रोफेसर रह चुके हैं. वह 2006 से मार्च 2018 तक लगातार दो बार लखनऊ के महापौर भी रहे. इसके साथ ही 2007 से मार्च 2018 तक यूपी मेयर काउंसिल के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली.
दिनेश शर्मा भाजपा संगठन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं. वह गुजरात के प्रभारी भी रहे. इसके अलावा हरियाणा में मुख्यमंत्री और राजस्थान में प्रदेश अध्यक्ष के चयन के लिए पर्यवेक्षक की भूमिका निभा चुके हैं. वह भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं.
2017 से 2022 तक रहे यूपी के उपमुख्यमंत्री
भाजपा नेता दिनेश शर्मा ने 2017 से 2022 तक उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली. इस दौरान उनके पास माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा के साथ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स तथा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की जिम्मेदारी भी रही.
उन्होंने 2022 का विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा था. इसके बाद भाजपा ने उन्हें राज्यसभा के लिए प्रत्याशी बनाया. तब से वह राज्यसभा सांसद के तौर पर काम कर रहे थे.
अंडमान-निकोबार में निभाएंगे अहम जिम्मेदारी
बंगाल की खाड़ी में स्थित अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का प्रशासन लेफ्टिनेंट गवर्नर द्वारा किया जाता है. वह संवैधानिक प्रमुख और प्रशासनिक प्रमुख दोनों की भूमिका निभाते हैं. इस पद पर शासन, विकास और केंद्र सरकार के साथ समन्वय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है. खास तौर पर सुरक्षा, पर्यटन, अवसंरचना और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्रों में इसकी अहम भूमिका रहती है.
एडमिरल (सेवानिवृत्त) देवेंद्र कुमार जोशी अक्टूबर 2017 से लेफ्टिनेंट गवर्नर के रूप में कार्यरत हैं. डॉ. दिनेश शर्मा के जल्द ही पदभार संभालने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें- Kanpur Aircraft Crash : कानपुर में गंगा बैराज पर ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश, पायलट और ट्रेनर की मौत
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









