74 साल की नौकरी में नहीं ली एक भी छुट्टी, 90 की उम्र में रिटायर हुई महिला!

अमेरिका में टेक्सस के एक डिपार्टमेंटल स्टोर में 74 साल तक काम करने के बाद मेल्बा मेबेन नामक 90-वर्षीय महिला रिटायर हुई। उन्होंने लगभग 7 दशक तक यहां काम किया था। लेकिन बड़ी बात यह है कि उसने इस पूरे कार्यकाल में एक भी छुट्टी नहीं ली थी।
17 की उम्र में शुरू की थी नौकरी
अमेरिका के टेक्सस की रहने वाली बुजुर्ग महिला मेबेन अब चर्चा में हैं। बता दें कि उन्होंने 1949 में एक एलिवेटर गर्ल के रूप में करियर की शुरुआत की थी। तब वह सिर्फ 17 साल की थीं। करियर के शुरुआत में वह अलग-अलग डिपार्टमेंटल स्टोर्स में विभिन्न पदों पर 74 वर्षों तक परिश्रम किया। बाद में उन्हें कॉस्मेटिक डिपार्टमेंट में ट्रांसफर कर दिया गया था। एक प्रभावशाली करियर के बाद, अब वह 90 साल की उम्र में रिटायर हुई तो उन्हें सम्मानित करते हुए उन्हें भव्य विदाई दी गई।
74 साल में नहीं ली एक भी छुट्टी
मेल्बा के क्लाइंट और कलीग्स की मानें तो, मेल्बा ने सालों से कंपनी में बड़ी सी मुस्कान के साथ सेवा की है और अब वह 90 साल की हो चुकी हैं। आपको जानकर हैरानी होगी कि उन्होनें आजतक एक भी सिक लीव तक नहीं ली, छुट्टी तो दूर की बात। यह कहना गलत नही होगा कि वह अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित है।
डिलार्ड के स्टोर मैनेजर जेम्स सैन्ज़ ने बताया
डिलार्ड के स्टोर मैनेजर जेम्स सैन्ज़ ने फॉक्स न्यूज से बात करते हुए कहा कि “मेल्बा ने कई जिंदगियों को छुआ है।” मैनेजर ने आगे कहा कि “मेल्बा हर चीज, हर अपेक्षा, हर ग्राहक सेवा की गुणवत्ता का ध्यान रखती थीं। पूरे करियर में उन्होंने ढेर सारे लोगों को प्रशिक्षित किया और सिखाया ताकि वे और अधिक आगे बढ़ सकें।”