Delhi NCR

दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ : स्मॉग और प्रदूषण से लोग परेशान, तापमान सामान्य से कम

फटाफट पढ़ें:

  • दिल्ली की हवा बहुत खराब, AQI 308
  • बवाना क्षेत्र में प्रदूषण सबसे अधिक
  • परिवहन का योगदान सबसे बड़ा, 16.5%
  • एनसीआर जिलों ने भी प्रदूषण बढ़ाया
  • तापमान कम, न्यूनतम 8°C, अधिकतम 24.7°C

Delhi AQI : देश की राजधानी दिल्ली और इसके आस-पास के क्षेत्रों में सोमवार (8 दिसंबर) को जहरीली धुंध छाई रही. वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, 24 घंटे का औसत AQI 308 रहा, जो स्वास्थ्य के लिए गंभीर चेतावनी है. दिल्ली के कई इलाकों में लगातार हवा की गुणवत्ता गिरने से लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और मजबूरन वे इसी जहरीली हवा में सांस लेने को मजबूर हैं.

प्रदूषण में परिवहन का सबसे बड़ा योगदान

समीर ऐप के अनुसार रविवार (7 दिसंबर) शाम तक दिल्ली के 29 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों में ‘बहुत खराब’ स्तर दर्ज किया गया. बवाना क्षेत्र में स्थिति सबसे खराब रही, जहां AQI 336 था. सुबह 10 बजे AQI 302 था और 26 स्टेशनों ने ‘बहुत खराब’ दर्ज किया. केंद्रीय बोर्ड के मानक के अनुसार, 301-400 AQI को ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रखा जाता है. दिल्ली की निर्णय सहायता प्रणाली के अनुसार, प्रदूषण में 16.5 प्रतिशत योगदान परिवहन का, 8.1 प्रतिशत औद्योगिक स्रोतों का, 4 प्रतिशत आवासीय और 2.3 प्रतिशत निर्माण गतिविधियों का रहा.

एनसीआर के जिलों का प्रदूषण में योगदान

एनसीआर के आसपास के जिलों ने दिल्ली के प्रदूषण में अहम योगदान दिया. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, झज्जर का 13.9 प्रतिशत, सोनीपत का 6 प्रतिशत, रोहतक का 5.2 प्रतिशत और जींद का 2.5 प्रतिशत योगदान रहा. इस सप्ताह AQI में लगातार उतार-चढ़ाव देखा गया. रविवार को 279, सोमवार को 304, मंगलवार को 372, बुधवार को 342, गुरुवार को 304 और शुक्रवार को 327 रिकॉर्ड किया गया. हर दिन वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रही, जिससे स्मॉग और धूल की परत लगातार घनी होती गई.

दिल्ली में तापमान सामान्य से कम

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, दोनों सामान्य से कम रहे. सुबह की आर्द्रता 92 प्रतिशत और शाम की 71 प्रतिशत रही. मौसम विभाग ने 8 दिसंबर के लिए न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बीते तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब ढाई डिग्री की बढ़ोतरी जरूर हुई है, लेकिन ठंडक और प्रदूषण का संयुक्त असर राजधानी की हवा को और भारी बनाता दिख रहा है.

ये भी पढ़ें- भूकंप के झटकों से हिली धरती, 6.0 की रही तीव्रता, दहशत में लोग

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button