Uttar Pradesh

CM योगी ने लखनऊ की वरुण विहार और नैमिष नगर आवासीय योजनाओं का किया भूमिपूजन, ₹12 हजार करोड़ से होगा विकास

UP News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लखनऊ के विकास को लेकर बड़ा कदम उठाते हुए लखनऊ विकास प्राधिकरण की दो बड़ी आवासीय योजनाओं वरुण विहार और नैमिष नगर का भूमिपूजन किया. करीब ₹12 हजार करोड़ की लागत से 10,680 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाली इन योजनाओं के साथ भूखंडों के पंजीकरण की शुरुआत भी की गई.

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि लखनऊ अब श्रद्धेय अटल जी के सपनों का लखनऊ बनकर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है, उन्होंने कहा कि लखनऊ में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, एयरपोर्ट और मेट्रो का विस्तार हो रहा है.

मुख्यमंत्री ने बताया कि वरुण विहार 6,500 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में विकसित किया जाएगा, जहां छह लाख से अधिक लोगों के लिए आवासीय सुविधा उपलब्ध होगी. वहीं नैमिष नगर 4,100 एकड़ में विकसित होगा और इससे चार लाख से अधिक लोग लाभान्वित होंगे, उन्होंने कहा कि नैमिष नगर को भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हुए विकसित किया जा रहा है.

लखनऊ बनेगा स्टेट कैपिटल रीजन

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि लखनऊ को केवल एक शहर तक सीमित नहीं रखा जा रहा है, बल्कि इसे स्टेट कैपिटल रीजन के रूप में विकसित किया जा रहा है. इसके तहत लखनऊ के साथ उन्नाव, हरदोई, सीतापुर, बाराबंकी और रायबरेली के विकास की योजना बनाई जा रही है, उन्होंने कहा कि लखनऊ शिक्षा, हेल्थ केयर, आधुनिक तकनीक और मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है.

किसानों को मिलेगा सीधे खाते में मुआवजा

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन किसानों की जमीन इन परियोजनाओं में शामिल होगी, उन्हें उचित मुआवजा दिया जाएगा, उन्होंने कहा कि एलडीए और किसानों के बीच कोई मध्यस्थ नहीं होगा और मुआवजे की राशि सीधे जमीन मालिकों के खाते में भेजी जाएगी, उन्होंने कई किसानों को मिले मुआवजे का भी जिक्र किया.

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा वरुण विहार

मुख्यमंत्री ने बताया कि आने वाले समय में लखनऊ से नैमिषारण्य तक फोरलेन कनेक्टिविटी विकसित की जाएगी. इसके अलावा वरुण विहार को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा.

आवासीय योजनाओं में प्रधानमंत्री आवास योजना, अफोर्डेबल हाउसिंग, ग्रुप हाउसिंग और अलग-अलग आय वर्ग के लिए भूखंडों की व्यवस्था की जाएगी. कार्यक्रम में महापौर सुषमा खर्कवाल, राज्यसभा सांसद संजय सेठ समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

ये भी पढ़ें- सुहागिन महिलाओं के लिए खास दिन, इस दिन रखा जाएगा करवा चौथ का व्रत, डिटेल में पढ़ें

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button